

अज्ञात वाहन ने पैदल जा रहे दो लोगों को कुचला, दूसरा गंभीर घायल; चालक की तलाश में जुटी पुलिस।
हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक राहगीर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब दो लोग पैदल हाईवे से गुजर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद हाईवे पर राहगीरों की भीड़ जुट गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
सूचना मिलते ही कनखल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायल को तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। वहीं पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
हादसे की जानकारी जुटाने के साथ पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है। फिलहाल कनखल थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
फोटो_कनखल थाना क्षेत्र में हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़ और जांच करती पुलिस।




