55 करोड़ के साइंस सेंटर और 19 करोड़ के चाय बागान पर डीएम का फोकस, नवंबर में जनता को सौगात देने की तैयारी।

Share This Post

मनीष कुमार ने निर्माण कार्यों का लिया जायजा, संसाधन बढ़ाकर 15 से 20 नवंबर तक तैयार होने वाले कार्य पूरे करने के निर्देश

चंपावत। जिले में विज्ञान शिक्षा और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए चल रही करोड़ों की परियोजनाओं को रफ्तार देने की कवायद तेज हो गई है। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बुधवार को करीब 55.52 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे साइंस सेंटर और 19 करोड़ रुपये की लागत से चाय बागान में विकसित की जा रही पर्यटक सुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को संसाधन बढ़ाकर निर्माण कार्यों में तेजी लाने और 15 से 20 नवंबर तक तैयार होने वाले कार्यों को जनता को समर्पित करने के निर्देश दिए।

बाइट_जिलाधिकारी मनीष कुमार।



साइंस सेंटर के निर्माण से चंपावत समेत कुमाऊं और प्रदेश के विद्यार्थियों को विज्ञान की बारीकियां समझने और प्रयोग आधारित शिक्षा हासिल करने का अवसर मिलेगा। केंद्र के समीप साहसिक खेलों और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए भी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

चाय बागान में बन रहीं पर्यटक सुविधाएं_

जिलाधिकारी ने चाय बागान में करीब 19 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया। यहां पर्यटकों के ठहरने के लिए इको हट्स, इंटरप्रिटेशन सेंटर और भ्रमण के लिए मार्ग व ट्रेल विकसित किए जा रहे हैं। इन सुविधाओं से चाय बागान को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने और पर्यटकों को बेहतर अनुभव देने की योजना है।

धन और निर्माण सामग्री की कमी दूर करने के निर्देश_

निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों की धीमी गति और संसाधनों की उपलब्धता का मुद्दा भी उठा। कुछ कार्यों के लिए धन आवंटन की जरूरत और बारिश के कारण रोड़ी-बजरी जैसी निर्माण सामग्री की उपलब्धता में आ रही दिक्कतों पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों से वार्ता कर समाधान निकालने की बात कही। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय से बाधाएं दूर करने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की आदर्श चंपावत की परिकल्पना के अनुरूप जिले में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। प्रयास है कि 15 से 20 नवंबर तक जिन परियोजनाओं के हिस्से पूरे हो सकते हैं, उन्हें तैयार कर जनता को समर्पित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिला पर्यटन विकास अधिकारी शानू प्रकाश, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

फोटो_ निर्माणाधीन साइंस सेंटर और चाय बागान में विकास कार्यों का निरीक्षण करते जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post