चंपावत: शारदा घाट पर डूब रही महिला को पुलिस ने बचाया, त्वरित रेस्क्यू से टली बड़ी अनहोनी।

Share This Post

पुलिस बचाव दल की सतर्कता से 33 वर्षीय महिला सुरक्षित निकाली गई, मौके पर मचा था हड़कंप

चंपावत/टनकपुर।  टनकपुर के शारदा घाट पर शुक्रवार सायं लगभग 4:45 बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नदी किनारे मौजूद लोगों में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक महिला अचानक शारदा नदी के तेज बहाव में डूबने लगी। मौके पर ड्यूटी पर तैनात पुलिस बचाव दल की नजर जैसे ही महिला पर पड़ी, टीम ने बिना समय गंवाए तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। पुलिसकर्मियों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए नदी में उतरकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला नदी के किनारे खड़ी थी और अचानक पैर फिसलने से गहरे पानी की ओर चली गई, जिसके बाद वह बहाव में फंस गई। घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया तो पास में तैनात पुलिस बचाव दल तुरंत हरकत में आ गया। टीम ने रस्सी और सुरक्षा उपकरणों की मदद से महिला तक पहुंच बनाई और कुछ ही मिनटों में उसे बाहर निकाल लिया।
बचाई गई महिला की पहचान ट्विंकल गुप्ता (33 वर्ष), निवासी हाथरस, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है, जो अपने परिजनों के साथ यहां आई हुई थी। नदी से बाहर निकालने के बाद पुलिस टीम ने महिला को प्राथमिक उपचार दिया और उसकी स्थिति सामान्य होने पर उसे उसकी माता  कुसुमलता गुप्ता (55 वर्ष) के सुपुर्द कर दिया। महिला सुरक्षित होने पर परिजनों ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
इस साहसिक बचाव कार्य में पुलिस बचाव दल के हेड कांस्टेबल अनिल कुमार, कांस्टेबल अमित कुमार, कांस्टेबल जावेद खान, कांस्टेबल विजय कुमार तथा गोताखोर रविंद्र सिंह पहलवान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम की तत्परता और समन्वय के कारण कुछ ही मिनटों में महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की और कहा कि यदि समय पर बचाव नहीं होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस ने लोगों से नदी किनारे सावधानी बरतने और तेज बहाव वाले स्थानों से दूर रहने की अपील भी की है।

फोटो_ टनकपुर के शारदा घाट पर रेस्क्यू के बाद महिला के साथ मौजूद पुलिस बचाव दल।


Share This Post