सूर्य की पहली किरण करेगी मां का अभिषेक, सीएम धामी समेत कई दिग्गज होंगे शामिल।
लोहाघाट। देवीधुरा का प्रसिद्ध बाराही धाम, जो शताब्दियों से बग्वाल के अद्भुत पत्थर युद्ध के लिए जाना जाता है, अब आधुनिक युग में आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा के बड़े केंद्र के रूप में नई पहचान बनाने की ओर बढ़ रहा है। इस वर्ष बग्वाल मेले से पहले यहां बनने जा रहे मां बाराही के भव्य और दिव्य मंदिर के भूमि पूजन को लेकर देश-विदेश के श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
20 मार्च को प्रस्तावित भूमि पूजन समारोह को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी की जा रही है। कुमाऊं के विभिन्न क्षेत्रों सहित देश के कई राज्यों में मां बाराही के भक्तों को विशेष निमंत्रण भेजे जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि मां बाराही के प्रति पारंपरिक आस्था रखने वाले सैकड़ों गांवों के श्रद्धालु इस पवित्र अनुष्ठान में शामिल होने की इच्छा जता रहे हैं।
मंदिर का निर्माण विशेष वास्तु विन्यास में किया जा रहा है, ताकि प्रातःकाल सूर्य देव की पहली किरण सीधे मां बाराही का अभिषेक करे। इस मंदिर के माध्यम से सनातन संस्कृति के प्रसार और समाज के सभी वर्गों को भावनात्मक रूप से जोड़ने का संदेश दिया जाएगा।
मंदिर निर्माण का कार्य देश-विदेश में कई प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों का निर्माण कर चुके गुजरात के सोनपुरा ग्रुप के प्रमुख विपुल त्रिवेदी अपनी टीम के साथ कर रहे हैं, जो इन दिनों देवीधुरा पहुंच चुके हैं और निर्माण की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
20 मार्च को विद्वान पुरोहितों द्वारा निर्धारित शुभ मुहूर्त में कार्यक्रम आयोजित होगा। प्रातःकाल महिलाओं द्वारा पारंपरिक वेशभूषा में कलश यात्रा निकाली जाएगी, जबकि दोपहर 12 बजे से भूमि पूजन का मुख्य कार्यक्रम शुरू होगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मां बाराही के अनन्य उपासक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। मंदिर के संस्थापक अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह लमगड़िया ने मुख्यमंत्री को ‘मां बाराही का गुलाबी बुलावा पत्र’ भेंट कर कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया है।
इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, नीति आयोग के उपाध्यक्ष राजशेखर जोशी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल सहित कई विशिष्ट अतिथि भूमि पूजन समारोह के साक्षी बनेंगे। मंदिर निर्माण के सूत्रधार डोल आश्रम के स्वामी कल्याण दास महाराज सहित अनेक संत-महात्मा भी इस आध्यात्मिक आयोजन में शामिल होंगे।
श्री बाराही शक्तिपीठ ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष हीरा बल्लभ जोशी, संस्थापक संरक्षक लक्ष्मण सिंह लमगड़िया, कोषाध्यक्ष दिनेश जोशी तथा उपाध्यक्ष हयात बिष्ट और बिशन चम्याल ने बताया कि भूमि पूजन की तैयारियां व्यापक स्तर पर की जा रही हैं और मंदिर निर्माण में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ट्रस्ट का पूरा लेनदेन बैंक के माध्यम से किया जा रहा है।
बॉक्स
जब भक्त की श्रद्धा के आगे झुक गया मौसम_
देवीधुरा में वर्ष 2024 की बग्वाल के दौरान मौसम बेहद खराब हो गया था। खटीमा स्थित अपने आवास पर बैठे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी कार्यक्रम में शामिल होने की प्रतीक्षा कर रहे थे। बताया जाता है कि जैसे ही उनका हेलीकॉप्टर बाराही धाम के आसमान में पहुंचा, अचानक मौसम साफ हो गया और मुख्यमंत्री सुरक्षित देवीधुरा पहुंच गए। इसे मां बाराही की कृपा और भक्त की आस्था से जोड़कर देखा जाता है।
चंपावत: देवीधुरा में मां बाराही का भव्य धाम, 20 मार्च को भूमि पूजन, देशभर में भेजा जा रहा बाराही का बुलावा।
