चंपावत: स्वाला में सड़क चौड़ीकरण कार्य का डीएम ने किया निरीक्षण, धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी।

Share This Post

समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश, हिल साइड कटिंग और सेफ्टी वॉल निर्माण में तेजी लाने को कहा

चंपावत।जनपद चंपावत के स्वाला क्षेत्र में संचालित सड़क चौड़ीकरण एवं सुधार कार्यों का जिलाधिकारी मनीष कुमार ने स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की स्थिति, गुणवत्ता, तकनीकी मानकों तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का विस्तृत अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्य की अपेक्षाकृत धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों तथा कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ीकरण कार्य को व्यवस्थित ढंग से संचालित करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को शीघ्र बेहतर और सुरक्षित सड़क सुविधा मिल सके।
जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए कहा कि तकनीकी मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं किया जाएगा। उन्होंने विशेष रूप से हिल साइड में बैंच कटिंग तथा डाउन साइड में सुरक्षा दीवार (सेफ्टी वॉल) के निर्माण कार्य को तेजी से पूरा करने को कहा, जिससे सड़क की मजबूती और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि कार्य स्थल पर सुरक्षा व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रखी जाएं तथा यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए आवश्यक प्रबंध किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारी तथा कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

फोटो_ स्वाला में सड़क चौड़ीकरण कार्य का स्थलीय निरीक्षण करते डीएम मनीष कुमार।


Share This Post