घंटों इंतजार, जाम और अव्यवस्था से लोग परेशान — ओवररेटिंग व कालाबाजारी की चर्चा, प्रशासन बोला पर्याप्त स्टॉक, अफवाहों पर न करें भरोसा
चंपावत। जिले में रसोई गैस वितरण के दौरान गुरुवार को नगर क्षेत्र में भारी भीड़ उमड़ने से अव्यवस्था की स्थिति बन गई। ललुआपानी रोड पर सुबह से ही बड़ी संख्या में उपभोक्ता सिलेंडर लेने के लिए पहुंच गए, जिससे सड़क पर लंबी कतारें लग गईं और कुछ समय के लिए जाम जैसी स्थिति बन गई। भीड़ अधिक होने के कारण लोगों को घंटों तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा।
ललुआपानी रोड, भैरवा चौराहा, तहसील जाने वाला मार्ग, ब्लॉक तिराहा तथा सूचना विभाग के पास भी बड़ी संख्या में लोग खाली सिलेंडर लेकर खड़े दिखाई दिए। कई लोग सुबह से लाइन में लगे रहे, लेकिन वितरण की स्पष्ट व्यवस्था न होने के कारण लोगों में नाराजगी देखने को मिली। कुछ उपभोक्ता गैस एजेंसी तक भी पहुंचे, लेकिन वहां से भी वह मायूस हो के लौटे।
लाइन में लगे लोगों का कहना था कि जिन लोगों के पास अधिक पैसा है वह किसी तरह जुगाड़ कर सिलेंडर ले जा रहे हैं, जबकि सामान्य परिवारों और मजदूरी करने वाले लोगों को ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों के बीच ओवररेटिंग और कालाबाजारी की बातें भी सुनने में आती रहीं, जिससे अलग-अलग क्षेत्रों के लोग अपने निर्धारित केंद्र के बजाय अन्य स्थानों पर भी पहुंच गए और भीड़ बढ़ती चली गई।
कई लोगों ने बताया कि गैस खत्म होने की अफवाह फैलने से एक ही स्थान पर जरूरत से ज्यादा भीड़ जमा हो गई, जिसके कारण व्यवस्था संभालना मुश्किल हो गया। भीड़ अधिक होने से महिलाओं, बुजुर्गों और कामकाजी लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ी।
इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा कि जिले में गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति नियमित रूप से की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ओवररेटिंग और कालाबाजारी की बातें केवल अफवाह हैं और कहीं भी निर्धारित दर से अधिक कीमत नहीं ली जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें और केवल प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार ही अपने निर्धारित वितरण केंद्र से गैस प्राप्त करें।
प्रशासन का यह भी कहना है कि कई उपभोक्ता अपने क्षेत्र के बजाय दूसरे स्थानों से सिलेंडर लेने पहुंच रहे हैं, जिससे एक ही जगह पर भीड़ बढ़ रही है और अस्थायी अव्यवस्था की स्थिति बन रही है।
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि गैस वितरण के लिए क्षेत्रवार व्यवस्था, टोकन प्रणाली और भीड़ नियंत्रण की बेहतर योजना बनाई जाए, ताकि लोगों को रोजमर्रा की जरूरत के लिए इस तरह लंबा इंतजार न करना पड़े।
फोटो_सिलेंडर लेने के लिए लंबी कतार में खड़े उपभोक्ता।
चंपावत में गैस वितरण के दौरान भारी भीड़, ललुआपानी रोड पर लंबी कतारें — अफवाहों से बढ़ी परेशानी, प्रशासन ने किया स्पष्टीकरण।
