उपजिलाधिकारी अनुराग आर्या बोले हर योग्य मतदाता जुड़े, त्रुटियां हों खत्म; बीएलओ करेंगे घर-घर सत्यापन।
चंपावत। तहसील परिषद चंपावत में शुक्रवार को उप जिलाधिकारी अनुराग आर्या की अध्यक्षता में विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत मतदाता सूची को अद्यतन, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। उप जिलाधिकारी अनुराग आर्या ने बताया कि एसआईआर एक विशेष अभियान है, जिसका उद्देश्य मतदाता सूची में योग्य नागरिकों के नाम जोड़ना, अयोग्य नामों को हटाना और किसी भी प्रकार की त्रुटियों को सुधारना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह प्रक्रिया लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में बेहद महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने आगे बताया कि इस अभियान के दौरान बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे और आवश्यकतानुसार सूची में संशोधन करेंगे। इस दौरान मतदाताओं को अपने पहचान पत्र एवं आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने पड़ सकते हैं, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से पूरी हो सके। बैठक में मौजूद सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने सुझाव भी रखे। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष ललित मोहन भट्ट, कांग्रेस के अब्दुल खान सहित अन्य दलों के पदाधिकारियों ने अभियान को सफल बनाने के लिए सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान तहसीलदार ब्रज मोहन आर्य, राजस्व निरीक्षक दीनदयाल वर्मा, निर्वाचन विभाग की डीआईओ उमा टम्टा सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
फोटो – चंपावत तहसील परिषद में एसआईआर अभियान को लेकर आयोजित बैठक में अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते उप जिलाधिकारी अनुराग आर्या।
चंपावत में मतदाता सूची शुद्धिकरण को लेकर बड़ी बैठक, एसआईआर अभियान को लेकर प्रशासन सख्त।
