चंपावत: पुष्कर सिंह धामी का 31 मार्च को चंपावत दौरा, विकास कार्यों का करेंगे निरीक्षण, जनसंवाद में सुनेंगे जनता की समस्याएं।

Share This Post

चंपावत। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 31 मार्च (मंगलवार) को जनपद चंपावत के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे और स्थानीय जनप्रतिनिधियों व आम जनता से सीधा संवाद स्थापित करेंगे।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री का आगमन प्रातः 10:30 बजे चंपावत हेलीपैड पर प्रस्तावित है। इसके बाद वे 10:40 बजे साइंस सेंटर के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां निर्माणाधीन साइंस सेंटर का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लेंगे।
इसके उपरांत मुख्यमंत्री पूर्वाह्न 11:10 बजे गांधी चौक पहुंचेंगे, जहां वे राष्ट्रीय ध्वज का अनावरण करेंगे। इस अवसर पर वे वीर-वीरांगनाओं, नगरपालिका प्रतिनिधियों, व्यापार मंडल के पदाधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों से संवाद करेंगे और जनसभा को संबोधित भी करेंगे।
गांधी चौक कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 12:20 बजे गौरलचौड़ मैदान स्थित ऑडिटोरियम पहुंचेंगे। यहां वे ‘SHE for STEM Uttarakhand (यूकॉस्ट)’ कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में प्रतिभाग करते हुए मेधावी छात्राओं को सम्मानित करेंगे।
अपने दौरे के अंतिम चरण में मुख्यमंत्री प्रेक्षागृह परिसर में मीडिया प्रतिनिधियों से वार्ता करेंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ कार्यक्रमों के सुचारू संचालन हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।


Share This Post