चंपावत: लोहाघाट की बेटी अदिति पुनेठा ने रचा इतिहास, यूपी पीसीएस में 45वीं रैंक हासिल कर बढ़ाया क्षेत्र का मान।

Share This Post

लोहाघाट। नगर एवं आसपास के क्षेत्र की बेटियां आज अपनी मेहनत और लगन से सफलता के नए आयाम छू रही हैं। इसी कड़ी में भुमलाई गांव की होनहार बेटी अदिति पुनेठा ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की पीसीएस परीक्षा में 45वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है। अदिति ने अपनी इस उपलब्धि के साथ सफलता की एक महत्वपूर्ण सीढ़ी पार कर ली है, जबकि उनका अंतिम लक्ष्य आईएएस अधिकारी बनना है। उनकी प्रारंभिक शिक्षा लोहाघाट के स्थानीय ओकलैंड पब्लिक स्कूल में हुई, जहां से उनकी मजबूत नींव पड़ी। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के जीएमसी कॉलेज से गणित विषय में ऑनर्स के साथ परास्नातक की पढ़ाई पूरी की और फिर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुट गईं। खास बात यह है कि अदिति ने पहले ही प्रयास में यूपी पीसीएस परीक्षा उत्तीर्ण कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा दिया। अदिति के पिता दीपक पुनेठा बागेश्वर में एलआईसी के शाखा प्रबंधक हैं, जबकि उनकी माता भावना पुनेठा शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी रही हैं। उनके भाई अनमोल पुनेठा दिल्ली से कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई कर सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत हैं। अदिति का परिवार लोहाघाट के ठाडाढुंगा मोहल्ले में निवास करता है।
अदिति की इस सफलता पर उनके गांव भुमलाई और लोहाघाट नगर में खुशी की लहर है। लोगों ने जश्न मनाकर अपनी खुशी जाहिर की। नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने अदिति का नागरिक अभिनंदन करने की घोषणा की है, वहीं विद्यालय प्रबंधन की ओर से भी सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। अदिति ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और इष्ट देवता को दिया है। उनका कहना है कि लोहाघाट जैसे शांत और शिक्षाप्रद वातावरण में बुनियादी शिक्षा के लिए ओपीएस से बेहतर शिक्षण संस्था कोई नहीं हो सकती। अदिति की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा, विधायक खुशाल सिंह अधिकारी, जिलाधिकारी मनीष कुमार सहित, प्रख्यात ह्रदय रोग विशेषज्ञ डॉ केके पुनेठा, अभियंता सुभाष पांडेय, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता सतीश चन्द्र पाण्डेय, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष लता वर्मा, शिक्षाविद्  बीडी कलौनी सहित कई गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

फोटो – अदिति पुनेठा


Share This Post