चंपावत: 10 फीट गहरे गड्ढे में ‘मौत’ बनकर बैठा 6 फीट का सांप, 4 दिन बाद खत्म हुआ खौफ।

Share This Post

वन विभाग के साहसिक रेस्क्यू ने दिलाई राहत।

चंपावत। जीआईसी रोड क्षेत्र में बीते चार दिनों तक खौफ का साया मंडराता रहा। पंकज देव के घर के पास बने 10 फीट गहरे गड्ढे (पिट) में करीब 6 फीट लंबा सांप घुस गया, जिसने पूरे इलाके की जिंदगी को जैसे थाम सा दिया। हालात ऐसे हो गए कि लोग घरों से बाहर निकलने से डरने लगे—हर कदम पर अनहोनी का डर सताने लगा।
गड्ढा इतना गहरा और संकरा था कि सांप को निकालना किसी चुनौती से कम नहीं था। आसपास के परिवारों, खासकर बच्चों और बुजुर्गों की आवाजाही पूरी तरह थम गई। पंकज देव ने कई बार खुद प्रयास किए, लेकिन हर बार नाकामी ही हाथ लगी।
चार दिन तक दहशत का यह सिलसिला जारी रहा, जिसके बाद आखिरकार वन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और पूरे इलाके की निगाहें उसी पर टिक गईं।
रेंजर ब्रज मोहन टम्टा के नेतृत्व में टीम ने जान जोखिम में डालकर ऑपरेशन को अंजाम दिया। 10 फीट गहरे गड्ढे में छिपे सांप को बाहर निकालना बेहद जोखिम भरा था, लेकिन टीम ने धैर्य, साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए कड़ी मशक्कत के बाद सांप को सकुशल बाहर निकाल लिया। इसके बाद सांप को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया, जिससे पूरे इलाके ने राहत की सांस ली। लोगों के चेहरों पर चार दिन बाद सुकून लौटा और डर का माहौल खत्म हुआ।
स्थानीय लोगों ने वन विभाग की टीम का आभार जताते हुए कहा कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं होती, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था।

रेस्क्यू टीम में उपराजिक चतुर सिंह, वन आरक्षी सौरभ पाण्डेय, विभागीय श्रमिक दिनेश भट्ट और चालक संतोष डशीला शामिल रहे, जिन्होंने मिलकर इस चुनौतीपूर्ण अभियान को सफल बनाया।

फोटो_ 10 फीट गहरे गड्ढे से सांप का रेस्क्यू करती वन विभाग की टीम।


Share This Post