घर-घर होगा कचरा संग्रहण, 1200 से अधिक डस्टबिन वितरण के साथ लोगों को किया गया जागरूक।
लोहाघाट। जनपद चंपावत में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में शुक्रवार को नगर पंचायत पाटी में एक अहम कदम उठाया गया। जिलाधिकारी मनीष कुमार के मार्गदर्शन में ब्लॉक प्रमुख शंकर अधिकारी और उपजिलाधिकारी नीतू डांगर ने आधुनिक कूड़ा वाहन को हरी झंडी दिखाकर क्षेत्र में रवाना किया।
इस पहल से अब नगर पंचायत पाटी क्षेत्र में घर-घर कचरा संग्रहण की व्यवस्था शुरू होगी, जिससे साफ-सफाई व्यवस्था को नई गति मिलने की उम्मीद है। अधिशासी अधिकारी कमल सिंह मेहता ने बताया कि यह अत्याधुनिक वाहन विभिन्न प्रकार के कचरे के पृथक संग्रहण की सुविधा से लैस है।
उन्होंने बताया कि वाहन में गीला और सूखा कचरा ही नहीं, बल्कि ई-वेस्ट, बायो-मेडिकल वेस्ट और अन्य खतरनाक कचरे के लिए अलग-अलग खंड बनाए गए हैं, जिससे कचरे का वैज्ञानिक और सुरक्षित निस्तारण संभव हो सकेगा। कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत क्षेत्र के प्रत्येक परिवार को दो-दो डस्टबिन वितरित किए गए, जिनकी संख्या 1200 से अधिक रही। साथ ही नागरिकों से अपील की गई कि वे कचरा इधर-उधर फेंकने के बजाय निर्धारित वाहन में ही डालें और स्वच्छता अभियान को सफल बनाएं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे, जिन्होंने इस पहल का स्वागत किया।
फोटो – नगर पंचायत पाटी में स्वच्छता अभियान के तहत आधुनिक कूड़ा वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते जनप्रतिनिधि व अधिकारी।
चंपावत: पाटी में स्वच्छता की नई पहल, आधुनिक कूड़ा वाहन को दिखाई हरी झंडी।

