लोहाघाट। नगर की प्रतिष्ठित शिक्षण संस्था ऑकलैंड पब्लिक स्कूल का इस वर्ष का बोर्ड परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम श्रेणी में सफलता प्राप्त की। परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल बन गया।
विद्यालय में यथार्थ जोशी ने 89.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं मनीष गोस्वामी ने 89 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि अपूर्वा कॉलोनी ने 87 प्रतिशत अंक हासिल कर तीसरा स्थान अपने नाम किया। सफल छात्र-छात्राओं ने अपनी उपलब्धि का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और विद्यालय के सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण को दिया।
विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद विद्यार्थियों ने मेहनत और अनुशासन के बल पर यह सफलता हासिल की है, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने भी विद्यालय के उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम पर खुशी जताते हुए कहा कि चंपावत जिले के विद्यार्थी लगातार शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं। उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन से छात्र बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। डीएम ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
फोटो— ऑकलैंड पब्लिक स्कूल के मेधावी छात्र-छात्राएं।

