चंपावत: सरस्वती शिशु मंदिर दुधपोखरा में प्रतिभाओं का सम्मान, प्रतियोगिताओं में बच्चों ने दिखाया उत्साह।

Share This Post

सुलेख, स्वच्छता और स्कूल ड्रेस प्रतियोगिता में नन्हें प्रतिभागियों ने बिखेरा हुनर।

चंपावत। सरस्वती शिशु मंदिर दुधपोखरा में पॉजिटिव चेंज मेकर फाउंडेशन के तत्वावधान में सुलेख, स्वच्छता एवं स्कूल ड्रेस प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के भैया-बहनों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर दंत शल्य चिकित्सक डॉ. बबीता वर्मा, मनोचिकित्सक डॉ. दीपा पांडे एवं डॉ. संदीप पांडे ने बच्चों को प्रतियोगिताओं में आगे बढ़ने, आत्मविश्वास बढ़ाने और अनुशासन के महत्व से जुड़ी प्रेरणादायक बातें बताईं। अतिथियों ने विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।
कार्यक्रम में शिशु वाटिका संयोजिका पुष्पा जोशी ने सभी विजेता बच्चों को पुरस्कार वितरित किए। वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य गिरीश चंद्र जोशी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ रचनात्मक गतिविधियों में भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम ने बच्चों में स्वच्छता, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।

फोटो – सरस्वती शिशु मंदिर दुधपोखरा में आयोजित प्रतियोगिता में विजेता बच्चों को सम्मानित करते अतिथि एवं विद्यालय परिवार।


Share This Post