1200 प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, एसओजी और बनबसा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से मचा हड़कंप।
चंपावत। नशे के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड” अभियान को धरातल पर उतारते हुए चंपावत पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में एसओजी टीम और बनबसा पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार स्ट्रांग फार्म बनबसा क्षेत्र में चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर दो युवकों को रोका। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 05 बॉक्स में कुल 1200 प्रतिबंधित “पायवोक्सी स्पास प्लस” कैप्सूल बरामद किए गए। बरामद कैप्सूल में ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड पाया गया है, जिसका इस्तेमाल नशे के रूप में किया जाता है। पुलिस ने मौके से एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन तथा नकदी भी बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कामिल अंसारी तथा वसीम अंसारी उर्फ लल्ला निवासी खटीमा, जनपद ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। गौरतलब है कि इससे पूर्व भी चंपावत पुलिस ने पाटी ब्लॉक क्षेत्र में 110 और 230 नाली भूमि पर उगाई गई अवैध भांग की खेती को नष्ट कर नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की थी। लगातार हो रही कार्रवाइयों से साफ है कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस का शिकंजा लगातार मजबूत होता जा रहा है।
चंपावत पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की अवैध ड्रग्स सप्लाई, बिक्री, भंडारण अथवा अवैध खेती की सूचना तुरंत पुलिस हेल्पलाइन पर दें।
फोटो बनबसा क्षेत्र में गिरफ्तार नशा तस्करों से बरामद प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल, बाइक और अन्य सामान के साथ पुलिस टीम।
चंपावत: ड्रग्स माफियाओं पर चंपावत पुलिस का करारा वार।

