पूर्व छात्रों का सम्मान, मेधावी विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर गूंजीं तालियां; सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां।
लोहाघाट। सीमांत क्षेत्र स्थित पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज दिगालीचौड़ में वार्षिकोत्सव एवं पुरातन छात्र सम्मेलन समारोह बेहद धूमधाम और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। पूरे विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला, जहां छात्र-छात्राओं की रंगारंग प्रस्तुतियों, पूर्व छात्रों की यादों और मेधावियों के सम्मान ने कार्यक्रम को खास बना दिया।
कार्यक्रम का आयोजन प्रधानाचार्य डॉ. सुधाकर जोशी की अध्यक्षता तथा शिक्षक बृजेश सिंह ढेक के संचालन में किया गया। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में खंड शिक्षा अधिकारी घनश्याम भट्ट एवं पूर्व प्राथमिक शिक्षक संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष गोविन्द बोहरा मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों से हुई। लोक संस्कृति, देशभक्ति और सामाजिक संदेशों से सजी प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रधानाचार्य डॉ. सुधाकर जोशी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की वार्षिक आख्या प्रस्तुत की और विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
इस दौरान विद्यालय के पूर्व छात्र एवं शिक्षक जगदीश जोशी तथा पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख हीरा बल्लभ जोशी ने अपने छात्र जीवन की यादें साझा करते हुए विद्यार्थियों को प्रेरित किया। समारोह में पहुंचे पूर्व विद्यार्थियों का विद्यालय परिवार की ओर से अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।
मुख्य अतिथि आनंद सिंह अधिकारी ने विद्यार्थियों से अनुशासन, संस्कार और गुरुजनों के सम्मान को जीवन का मूल मंत्र बनाने की अपील की। उन्होंने विद्यालय के संसाधनों के विकास के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिया। कार्यक्रम में डाइट प्रवक्ता डॉ. कमल गहतोड़ी ने विद्यालय को अपनी स्वरचित पुस्तकें भेंट कीं। साथ ही “एक भारत श्रेष्ठ भारत” कार्यक्रम से जुड़े शिक्षकों और विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कौशल म्यूजिक एकेडमी के निदेशक अजय कलखुड़िया के नेतृत्व में कमल ओझा, दिव्यांशु पांडेय, गीतांक्षी पांडेय और ध्रुवादित्य जोशी ने विभिन्न वाद्य यंत्रों की शानदार संगत कर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में चार चांद लगा दिए। समारोह में बोर्ड परीक्षा और विभिन्न शिक्षणेत्तर गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। प्रदेश वरीयता सूची में स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा हेमा नायक समेत तनुजा उप्रेती, ऐश्वर्या उप्रेती, निधि रावत, ऊषा, जतिन जोशी, शिवम, चांदनी भट्ट, खुशी बोहरा, नीरज कुमार, अंकिता और दीपांशु भंडारी सहित कई छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विशेष भोज का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम में डाइट प्रवक्ता शिवराज तड़ागी, रमेश रावत, जीवन राय, आशीष प्रताप सिंह, मोहन कलौनी, तारा अधिकारी, भगवती भट्ट, प्रयाग मुरारी, गणेश पंत सहित विद्यालय परिवार और बड़ी संख्या में अभिभावकों की मौजूदगी रही।
फोटो – वार्षिकोत्सव एवं पुरातन छात्र सम्मेलन में उपस्थित छात्राए व शिक्षक।
चंपावत: सीमांत के पीएम श्री विद्यालय में सजा प्रतिभा और परंपरा का संगम, धूमधाम से मना वार्षिकोत्सव एवं पुरातन छात्र सम्मेलन।

