चंपावत। शक्ति वर्धक दवाइयों का झांसा देकर एक युवक को साइबर जाल में फंसाने, उससे 1.87 लाख रुपये की ठगी करने तथा मानसिक उत्पीड़न के जरिए आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में बनबसा पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपियों ने युवक को झूठे प्रलोभन देकर अपने जाल में फंसाया। इसके बाद उसकी निजी जानकारी का दुरुपयोग करते हुए लगातार ब्लैकमेल किया गया और विभिन्न माध्यमों से उससे 1.87 लाख रुपये वसूल लिए गए।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों की लगातार धमकियों और मानसिक दबाव के कारण युवक गंभीर तनाव में आ गया था। मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ सोशल मीडिया या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर निजी फोटो, वीडियो अथवा व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी, ब्लैकमेलिंग या ऑनलाइन अपराध की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा नजदीकी पुलिस थाने में संपर्क करें।
फोटो – साइबर ब्लैकमेलिंग और ठगी के मामले में बनबसा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार।
चंपावत: शक्ति वर्धक दवा का झांसा देकर युवक को बनाया शिकार, साइबर ब्लैकमेलिंग में दो गिरफ्तार!

