चंपावत, 5जून। 2 यूके (आई) कंपनी एनसीसी, चंपावत के तत्वावधान में राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) चंपावत के आठ एनसीसी कैडेट्स हिमाचल प्रदेश में आयोजित ट्रैकिंग अभियान के लिए रवाना हो गए हैं। दल में सीनियर विंग के पांच तथा जूनियर विंग के तीन कैडेट्स शामिल हैं। अभियान के दौरान कैडेट्स के साथ हवलदार चुन्नी लाल भी रहेंगे।
रवाना होने से पूर्व एएनओ फर्स्ट ऑफिसर भुवन चंद्र ने कैडेट्स को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एनसीसी के साहसिक अभियान युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, अनुशासन तथा टीम भावना का विकास करते हैं। उन्होंने कैडेट्स से अभियान के दौरान एनसीसी के आदर्शों का पालन करते हुए संस्था एवं जनपद का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
बताया गया कि हिमाचल प्रदेश में आयोजित यह ट्रैकिंग अभियान कैडेट्स को पर्वतीय क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियों, प्राकृतिक वातावरण तथा साहसिक गतिविधियों का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करेगा। अभियान के दौरान कैडेट्स कठिन ट्रैकिंग मार्गों पर चलने के साथ ही समूह में कार्य करने, चुनौतियों का सामना करने और आपसी समन्वय स्थापित करने का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।एनसीसी अधिकारियों के अनुसार इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम कैडेट्स के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे उनमें शारीरिक दक्षता के साथ-साथ मानसिक मजबूती और नेतृत्व के गुणों का भी विकास होता है।
विद्यालय परिवार एवं अभिभावकों ने सभी कैडेट्स को सफल अभियान के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
फोटो_ हिमाचल प्रदेश ट्रैकिंग अभियान के लिए रवाना होते जीआईसी चंपावत के एनसीसी कैडेट्स एवं उनके साथ एएनओ फर्स्ट ऑफिसर भुवन चंद्र तथा हवलदार चुन्नी लाल।
चंपावत: हिमाचल ट्रैकिंग अभियान के लिए जीआईसी चंपावत के 8 एनसीसी कैडेट्स रवाना।

