चंपावत। लोहाघाट में टैक्सी चालकों के बीच हुए विवाद और अभद्रता के मामले को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। शुक्रवार को पीड़ित पक्ष और क्षेत्र के जागरूक नागरिकों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी मनीष कुमार को ज्ञापन सौंपते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने की मांग की।
मामले पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है तथा निष्पक्ष जांच के बाद दोषियों के विरुद्ध कठोर विधिक एवं प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन को संयुक्त अभियान चलाकर जनपद के विभिन्न टैक्सी रूटों, विशेषकर दिल्ली और देहरादून मार्ग पर संचालित व्यावसायिक वाहनों के किरायों की सघन जांच के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि मनमानी वसूली, गुटबाजी या अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने के लिए हर आवश्यक कदम उठाया जाएगा।
फोटो_ जिलाधिकारी मनीष कुमार।
चंपावत: लोहाघाट टैक्सी विवाद पर डीएम सख्त, दोषियों पर होगी कठोर कार्रवाई।

