चंपावत में टैक्सी किराये पर प्रशासन का बड़ा एक्शन- मनमानी वसूली और दबंगई पर चलेगा कानून का डंडा।

Share This Post

चंपावत, 13 जून। जनपद में टैक्सी किराये को लेकर बढ़ते विवादों के बीच जिला प्रशासन ने सख्त संदेश जारी करते हुए स्पष्ट कर दिया है कि निर्धारित किराया दरों से अधिक वसूली, यात्रियों से अभद्रता और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर परिवहन विभाग ने जनहित में विस्तृत एडवाइजरी जारी की है।
परिवहन विभाग ने सभी टैक्सी एवं मैक्सी कैब संचालकों को शासन द्वारा निर्धारित किराया दरों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रत्येक वाहन में स्वीकृत फेयर चार्ट स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करना भी जरूरी किया गया है, ताकि यात्रियों को किराये की सही जानकारी मिल सके और किसी तरह विवाद की स्थिति पैदा न हो।
विभाग ने यात्रियों से भी अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले वाहन में प्रदर्शित किराया सूची अवश्य देखें और निर्धारित दर से अधिक भुगतान न करें। यदि कोई चालक मनमाना किराया वसूलता है, फेयर चार्ट नहीं लगाता या किराये को लेकर विवाद करता है तो इसकी शिकायत तत्काल परिवहन विभाग या स्थानीय पुलिस से की जा सकती है।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) मनोज बगोरिया ने कहा कि किराया विवादों के समाधान के लिए कानूनी व्यवस्था उपलब्ध है। किसी भी चालक, वाहन स्वामी या यूनियन द्वारा धमकी देना, मारपीट करना, सार्वजनिक अपमान करना या कानून अपने हाथ में लेना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि यात्रियों के अधिकारों की रक्षा और पारदर्शी परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी वाहन संचालकों से नियमों का पालन करने और विवाद की स्थिति में कानूनी प्रक्रिया अपनाने की अपील की।

फोटो_ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) मनोज बगोरिया।


Share This Post