सीसीटीवी और जैमर की निगरानी में होगी परीक्षा, लोहाघाट के सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 163 लागू; डीएम ने दिए निष्पक्ष परीक्षा के निर्देश।
चंपावत। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा को लेकर चंपावत जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और अलर्ट मोड में है। 14 जून को आयोजित होने वाली परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिलाधिकारी मनीष कुमार स्वयं व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
जनपद में परीक्षा के लिए कुल 10 केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें चंपावत तहसील में चार तथा लोहाघाट तहसील में छह परीक्षा केंद्र शामिल हैं। परीक्षा प्रातः 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित की जाएगी।
परीक्षा की सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए उप जिलाधिकारी लोहाघाट नीतू डांगर ने सभी छह परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, बैठने की क्षमता, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि परीक्षा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाओं का अंतिम परीक्षण सुनिश्चित किया जाए। नकल और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था पर रोक लगाने के लिए सभी केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे और जैमर सक्रिय किए गए हैं। साथ ही मौसम की संभावित चुनौतियों को देखते हुए बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में वैकल्पिक बैकअप व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। प्रशासन ने परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के उद्देश्य से लोहाघाट क्षेत्र के सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास बीएनएसएस की धारा 163 लागू कर दी है। परीक्षा के दौरान सेक्टर मजिस्ट्रेट, ऑब्जर्वर, केंद्र प्रभारी और पुलिस बल लगातार निगरानी में रहेंगे।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सभी अभ्यर्थियों से समय से परीक्षा केंद्र पहुंचने तथा आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए अनुशासित और शांतिपूर्ण वातावरण में परीक्षा देने की अपील की है।
फोटो – लोहाघाट के परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेतीं एसडीएम नीतू डांगर, साथ में प्रशासनिक एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी।
चंपावत: यूकेएसएसएससी परीक्षा को लेकर चंपावत में हाई अलर्ट, 10 केंद्रों पर सुरक्षा का अभेद्य घेरा।

