चंपावत: मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने पर संस्कृत महाविद्यालय में हुआ रुद्राभिषेक।

Share This Post

छात्रों और आचार्यों ने प्रधानमंत्री के दीर्घायु एवं राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

फोटो – श्री बाराही संस्कृत महाविद्यालय, देवीधुरा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल पूर्ण होने पर आयोजित सामूहिक रुद्राभिषेक एवं जलाभिषेक में शामिल छात्र और आचार्यगण।



लोहाघाट, 13जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर श्री बाराही संस्कृत महाविद्यालय, देवीधुरा में विशेष धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य हरिश्चंद्र पांडे के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं एवं आचार्यों ने सामूहिक रूप से रुद्राभिषेक एवं जलाभिषेक कर भगवान महादेव का पूजन किया तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु, स्वस्थ जीवन और राष्ट्र के निरंतर विकास के लिए प्रार्थना की।
कार्यक्रम का संचालन एवं वैदिक अनुष्ठान विद्वान आचार्य संजीव पांडे द्वारा पूर्ण विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया। इस अवसर पर आचार्य ललित मोहन, आचार्य गोपाल दत्त पटोला एवं आचार्य प्रकाश जोशी ने भी अनुष्ठान में सहयोग प्रदान किया।
प्राचार्य हरिश्चंद्र पांडे ने कहा कि देश के आम जनमानस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति विशेष विश्वास और आस्था है। उन्होंने श्रीमद्भगवद्गीता का उल्लेख करते हुए कहा कि जब-जब धर्म की हानि और अधर्म की वृद्धि होती है, तब-तब ईश्वर मानव रूप में अवतरित होकर समाज का मार्गदर्शन करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 12 वर्षों के कार्यकाल में अनेक ऐसे कार्य किए हैं, जिन्हें इतिहास लंबे समय तक याद रखेगा। कार्यक्रम के अंत में सभी छात्रों एवं शिक्षकों ने सामूहिक रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घ जीवन, उत्तम स्वास्थ्य एवं देश को लंबे समय तक उनका नेतृत्व प्राप्त होने की कामना की।

विजुअल

Share This Post