रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बच्चों ने जीता दिल, अतिथियों ने सराही संस्कारयुक्त शिक्षा की परंपरा।
चंपावत। सरस्वती शिशु मंदिर, दूधपोखरा का वार्षिक उत्सव समारोह सांस्कृतिक रंगों, देशभक्ति के जज्बे और विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों के साथ धूमधाम से संपन्न हुआ। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने गीत, नृत्य, नाटक एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियों से उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम ने यह भी साबित किया कि विद्यालय के बच्चे शिक्षा के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में भी लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि सरस्वती शिशु मंदिर राष्ट्रीय चरित्र निर्माण की ऐसी कार्यशालाएं हैं, जहां से शिक्षित होकर निकले विद्यार्थी आज देश के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान और प्रतिष्ठा स्थापित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा से अधिक महत्वपूर्ण संस्कार हैं और इस दिशा में सरस्वती शिशु मंदिर अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर रहे हैं। विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सदस्य कृष्णानंद जोशी, डेंटल सर्जन डॉ. बबीता वर्मा, मुख्य वक्ता एवं संभाग निरीक्षक सुरेशानंद जी तथा ग्राम प्रधान दीपक गिरी ने भी दीप प्रज्ज्वलन में सहभागिता की। विद्यालय के अध्यक्ष दिनेश जोशी की अध्यक्षता तथा शालिनी जोशी एवं राजेंद्र गहतोड़ी के संचालन में आयोजित समारोह में वक्ताओं ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में विद्यालय की भूमिका की सराहना की।
मुख्य वक्ता सुरेशानंद ने कहा कि सरस्वती शिशु मंदिरों की स्थापना का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, सभ्यता, परंपराओं और जीवन मूल्यों से जोड़ते हुए उन्हें राष्ट्र का योग्य नागरिक बनाना है। उन्होंने कहा कि विद्यालय अपने मूल उद्देश्यों पर खरा उतर रहा है, यही कारण है कि आज देशभर में सरस्वती शिशु मंदिरों के प्रति लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। विद्यालय के अध्यक्ष दिनेश जोशी ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में स्थित यह विद्यालय सीमित संसाधनों के बावजूद विद्यार्थियों की प्रतिभाओं को निखारने में सफल रहा है और विभिन्न क्षेत्रों में बच्चे विद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं। समारोह में रमेश गिरी, गणेश गिरी, इंदुवर जोशी, त्रिलोकी देवी, वैष्णो देवी, आनंदी जोशी, कैलाश जोशी सहित अनेक गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य गिरीश जोशी ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया।
फोटो_ सरस्वती शिशु मंदिर दूधपोखरा के वार्षिकोत्सव समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुति देते छात्र-छात्राएं।
चंपावत: देशभक्ति और संस्कारों की छटा से सजा सरस्वती शिशु मंदिर दूधपोखरा का वार्षिकोत्सव।

