मानसून अलर्ट: चंपावत में अधिकारियों-कर्मचारियों की छुट्टियों पर रोक, डीएम ने प्रशासन को किया हाई अलर्ट।

Share This Post

आपदा से निपटने को पूरी मशीनरी सक्रिय, आदेश उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई।

चंपावत। जिले में मानसून के मद्देनजर संभावित आपदाओं से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जनपद के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अवकाश पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है।
जारी आदेश में कहा गया है कि मानसून के दौरान किसी भी समय आपदा या आपात स्थिति उत्पन्न हो सकती है। ऐसे में जनधन और पशुधन की सुरक्षा के लिए प्रशासनिक तंत्र का हर समय उपलब्ध रहना आवश्यक है। यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी को अपरिहार्य कारणों से अवकाश लेना हो तो उसे अपने स्थान पर वैकल्पिक व्यवस्था का प्रस्ताव देते हुए सक्षम अधिकारी की अनुमति प्राप्त करनी होगी।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिन अधिकारियों के अवकाश शासन स्तर अथवा विभागाध्यक्ष द्वारा स्वीकृत किए जाते हैं, उन्हें भी अपना प्रार्थना पत्र जिलाधिकारी के माध्यम से अग्रसारित कराना अनिवार्य होगा। डीएम मनीष कुमार ने कहा कि मानसून अवधि में पूरी प्रशासनिक व्यवस्था को सतर्क एवं सक्रिय बनाए रखना समय की मांग है। उन्होंने चेतावनी दी कि आदेशों की अवहेलना या ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फोटो  जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post