चंपावत: जिम कॉर्बेट ट्रेल से चंपावत को मिलेगी नई पहचान, पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बड़ा बढ़ावा

Share This Post

चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चंपावत जिले में 3 करोड़ 49 लाख 98 हजार रुपये की लागत से विकसित जिम कॉर्बेट ट्रेल का लोकार्पण किया। इसके साथ ही जिले में पर्यटन विकास का एक नया अध्याय शुरू हो गया है। वन विभाग का मानना है कि इस परियोजना से देश-विदेश के पर्यटकों की आमद बढ़ेगी और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
लोकार्पण समारोह में प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) आशुतोष सिंह ने बताया कि जिम कॉर्बेट ट्रेल को इस तरह विकसित किया गया है कि पर्यटक उन ऐतिहासिक स्थलों तक आसानी से पहुंच सकें, जहां विश्व प्रसिद्ध शिकारी एवं प्रकृतिविद् जिम कॉर्बेट ने आदमखोर बाघों का शिकार कर ग्रामीणों को आतंक से मुक्ति दिलाई थी। अब तक ये स्थल दुर्गम होने के कारण आम लोगों की पहुंच से दूर थे।
परियोजना के तहत बाघबरियूड़ी ट्रेल, चूका डाक ट्रेल, ठूलीगाड़ सूचना केंद्र तथा फूंगर इंटरप्रिटेशन सेंटर विकसित किए गए हैं। बाघबरियूड़ी ट्रेल की लंबाई करीब 800 मीटर, जबकि चूका डाक ट्रेल लगभग तीन किलोमीटर लंबा है। इन स्थलों पर पर्यटकों के लिए आवश्यक सुविधाएं भी विकसित की गई हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जिम कॉर्बेट ट्रेल केवल पर्यटन परियोजना नहीं, बल्कि चंपावत को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा, स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा और जिले की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
डीएफओ आशुतोष सिंह ने बताया कि स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षित कर नेचर गाइड बनाया जाएगा, ताकि वे पर्यटकों का मार्गदर्शन कर सकें। साथ ही ग्रामीणों को होमस्टे संचालित करने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा। इससे पर्यटन का लाभ सीधे गांवों तक पहुंचेगा और लोगों की आय में वृद्धि होगी।
उन्होंने बताया कि ट्रेल पर आने वाले पर्यटक प्राकृतिक जंगलों, दुर्लभ वनस्पतियों, जैविक शहद तथा स्थानीय मसाले ‘तिमूर’ जैसे पारंपरिक उत्पादों का भी अनुभव कर सकेंगे, जिससे स्थानीय उत्पादों को भी नई पहचान मिलेगी।
कार्यक्रम में एसीएफ नेहा चौधरी, वन क्षेत्राधिकारी बृजमोहन टम्टा सहित वन विभाग के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

फोटो_ कार्बेट ट्रेन के लोकार्पण के अवसर पर मौजूद डीएफओ एवं एसीएफ।


Share This Post