चंपावत: उत्तराखंड के पहले महिला स्पोर्ट्स कॉलेज में 30 छात्राओं का चयन, प्रवेश सूची जारी।

Share This Post

लोहाघाट। उत्तराखंड के पहले महिला स्पोर्ट्स कॉलेज में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एथलेटिक्स, बॉक्सिंग और बैडमिंटन खेलों के ट्रायल के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। प्रथम सत्र में कक्षा छह के लिए कुल 30 छात्राओं का चयन किया गया है।
महाविद्यालय के प्राचार्य मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि चयनित छात्राओं की सूची जारी कर दी गई है। एथलेटिक्स में चम्पावत, पिथौरागढ़, उधम सिंह नगर, चमोली, पौड़ी और देहरादून की छात्राओं का चयन हुआ है। बॉक्सिंग में चंपावत, देहरादून, पिथौरागढ़, पौड़ी और अल्मोड़ा की छात्राओं ने स्थान बनाया है, जबकि बैडमिंटन में चंपावत, बागेश्वर, अल्मोड़ा, देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और उधम सिंह नगर की छात्राओं का चयन किया गया है।
उन्होंने बताया कि महाविद्यालय का स्थायी भवन अभी निर्माणाधीन है। इसके बावजूद नए शैक्षणिक सत्र से कक्षा छह की पढ़ाई शुरू कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं कर ली गई हैं। उनका कहना है कि प्रदेश के पहले महिला स्पोर्ट्स कॉलेज के संचालन से राज्य की प्रतिभाशाली बालिकाओं को बेहतर खेल प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

फोटो।  निर्माणाधीन महिला स्पोर्ट्स कॉलेज भवन।


Share This Post