40 टेट्रा पाउच, 21 पव्वे और व्हिस्की की बोतल बरामद, आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज।
(पंचेश्वर)चंपावत। जनपद में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पंचेश्वर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने खालगड़ा क्षेत्र में एक जनरल स्टोर पर छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी चंपावत देवेन्द्र सिंह कप्रवाण के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक दिवान सिंह विष्ट के नेतृत्व में कोतवाली पंचेश्वर पुलिस ने क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान खालगड़ा स्थित पांडे जनरल स्टोर में छापेमारी की गई, जहां से दिनेश चंद्र पांडे निवासी धूरा गुरेली को गिरफ्तार किया गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 40 टेट्रा पाउच माल्टा मार्का देसी मसालेदार शराब, 21 पव्वे मैकडॉवेल्स नंबर-1 व्हिस्की तथा एक बोतल मैकडॉवेल्स व्हिस्की बरामद हुई। पुलिस ने बरामद शराब को कब्जे में लेकर आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि नशामुक्त एवं अपराधमुक्त समाज के निर्माण में जनसहयोग मिल सके।
फोटो_पंचेश्वर में ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध शराब के साथ गिरफ्तार आरोपी और बरामद शराब के साथ पुलिस टीम।
चंपावत: ऑपरेशन प्रहार- पंचेश्वर में अवैध शराब के जखीरे पर पुलिस का छापा, दुकानदार गिरफ्तार!
