चंपावत में दर्दनाक हादसा-  टिप्पर की चपेट में आया स्कूटी सवार, मौके पर मौत।

Share This Post

घटोटकच्छ मंदिर के पास हादसा, चालक वाहन छोड़कर फरार; तेज रफ्तार और लापरवाही बनी हादसे की वजह।

चंपावत। जिले के घटोटकच्छ मंदिर के समीप शनिवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां पलभर में उजाड़ दीं।  डंपर की चपेट में आने से 19 वर्षीय दीपक जोशी निवासी मोराडी, हाल निवासी (गोरल चौड़) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजा। पुलिस ने डंपर को सीज कर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार दीपक जोशी अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। वह अपनी बड़ी बहन को डाड़ा शिमलटा छोड़कर स्कूटी से चंपावत लौट रहा था। जैसे ही वह घटोटकच्छ मंदिर के पास पहुंचा, डंपर संख्या UK 03 CA 3277   टिप्पर चढ़ाई की ओर जा रहा था, जबकि स्कूटी ढलान की ओर आ रही थी। इसी दौरान स्कूटी अनियंत्रित होकर टिप्पर के पिछले पहिये की चपेट में आ गई । टक्कर इतनी भीषण थी कि दीपक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत सहायता के लिए दौड़ पड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
हादसे के बाद चालक, जिसकी पहचान किमतोली निवासी मदन के रूप में बताई जा रही है, वाहन छोड़कर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही चंपावत सदर उपजिलाधिकारी विपिन चंद्र पंत, तहसीलदार बृजमोहन आर्य, कोतवाली निरीक्षक बी.एस. बिष्ट तथा पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उधर जिला चिकित्सालय पहुंचे डीएम मनीष कुमार ने जांच कर आवश्यक कारवाही करने के निर्देश देते हुए इस तरह के मामलों पर नियंत्रण करने के आदेश दिए हैं। हालाकि पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।
पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। एसडीएम विपिन चंद्र पंत ने बताया कि पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
इकलौते बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और स्थानीय लोगों ने दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

फोटो_घटोटकच्छ मंदिर के पास सड़क हादसे के बाद जांच करती पुलिस टीम।


Share This Post