चंपावत: भारी बारिश के ऑरेंज अलर्ट पर चंपावत में कल सभी स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद।

Share This Post

डीएम मनीष कुमार के निर्देश पर कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालयों में अवकाश, ऑनलाइन पढ़ाई रहेगी जारी

चंपावत। जनपद में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग के भारी बारिश के ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए 20 जुलाई (सोमवार) को कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, परिषदीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों के साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने का निर्णय लिया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून ने 20 जुलाई को चंपावत जिले में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली और बारिश के तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की चेतावनी जारी करते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। मौसम के बिगड़ते मिजाज और वर्तमान में हो रही बारिश को देखते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने एक दिवसीय अवकाश का आदेश जारी किया।
हालांकि, विद्यालयों में शिक्षक एवं कार्यालय स्टाफ तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यकत्रियां पूर्ववत अपनी उपस्थिति दर्ज करेंगी। वहीं शिक्षक ऑनलाइन माध्यम से शिक्षण कार्य जारी रखेंगे।

अपर जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि जिले के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।

बारिश पर प्रशासन की पैनी नजर_

लगातार बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी के बीच जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से नदी-नालों एवं संवेदनशील क्षेत्रों की ओर न जाने की अपील की है।


Share This Post