चंपावत: बेलखेत–घाट एनएच के सुधार को ₹70 करोड़ की मंजूरी।

Share This Post

चंपावत।  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दूरदर्शी नेतृत्व में जनपद चंपावत में सड़क परिवहन व्यवस्था को मजबूत, सुरक्षित एवं आधुनिक बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग–09 के अंतर्गत पीबीएमसी योजना के तहत बेलखेत से घाट तक के राष्ट्रीय राजमार्ग खंड के सुधार एवं अनुरक्षण कार्यों के लिए ₹70 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
इस स्वीकृति के बाद उक्त मार्ग पर व्यापक स्तर पर सड़क सुधार, रख-रखाव एवं सुरक्षा से जुड़े कार्य किए जाएंगे, जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
अधिशासी अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग श्री दीपक जोशी ने बताया कि परियोजना के अंतर्गत सड़क का उच्च गुणवत्ता से डामरीकरण एवं सतह सुधार किया जाएगा। दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु क्रैश बैरियर, पैरापेट एवं सुरक्षा दीवारों का निर्माण किया जाएगा। साथ ही रात्रिकालीन दृश्यता बढ़ाने के लिए कैट आईज एवं डेलीनीटर लगाए जाएंगे। जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु नालियों की सफाई, छोटे पुलों एवं कलवर्ट की मरम्मत तथा सड़क किनारे सुरक्षा संकेतक लगाए जाने का कार्य भी प्रस्तावित है।
उन्होंने बताया कि परियोजना से संबंधित निविदा प्रक्रिया प्रगति पर है। टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होते ही निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कर दिए जाएंगे।
परियोजना पूर्ण होने के पश्चात सड़क की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार होगा, जिससे दुर्घटनाओं में कमी, यातायात की सुगमता, पर्यटन गतिविधियों में वृद्धि तथा स्थानीय नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधाएं मिलेंगी। यह योजना जनपद चंपावत की कनेक्टिविटी को और अधिक सुदृढ़ करेगी।


Share This Post