चंपावत। मॉडल जनपद चंपावत में वर्षों से लंबित पेंशन मामलों के निस्तारण से पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और सैनिक आश्रितों को बड़ी राहत मिली है। जिलाधिकारी मनीष कुमार और जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल उमेद सिंह की पहल से कई जटिल मामलों का समाधान कर पात्र लाभार्थियों को लाखों रुपये का एरियर और नियमित पेंशन का लाभ दिलाया गया है।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल उमेद सिंह ने बताया कि बिशुंग निवासी पूर्व सैनिक नायक फकीरराम को करीब 20 लाख रुपये का एरियर दिलाने के साथ उनकी पेंशन भी शुरू करा दी गई है। वहीं कैप्टन मोती सिंह मेहता की अविवाहित पुत्री सुशीला मेहता को पारिवारिक पेंशन के साथ लगभग आठ लाख रुपये का एरियर मिला है। खेतीखान निवासी रेवती देवी को करीब 18 लाख रुपये का एरियर और पारिवारिक पेंशन का लाभ मिला, जबकि बड़पास गांव की महेश्वरी देवी को सात लाख रुपये का एरियर प्रदान किया गया।
पिछले छह महीनों के दौरान जिले की कई वीर नारियों को आवास निर्माण के लिए दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई गई है। इनमें निर्मला देवी, माधवी देवी, शरू देवी और महेश्वरी देवी शामिल हैं।
जिला सैनिक कल्याण विभाग ने कहा कि पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण आगे भी जारी रहेगा, ताकि देश की सेवा करने वाले सैनिकों और उनके परिवारों को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
फोटो_ जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल उमेद सिंह पूर्व सैनिकों और वीर नारियों के लंबित प्रकरणों के निस्तारण की जानकारी देते हुए।
चंपावत: वर्षों का इंतजार खत्म, पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं को मिली बड़ी राहत।
