

करीब एक साल बाद मिली स्थायी तैनाती, निवर्तमान डीएफओ आशुतोष सिंह को दी भावभीनी विदाई।
चंपावत। करीब एक वर्ष से स्थायी डीएफओ का इंतजार कर रहे चंपावत वन प्रभाग को नया मुखिया मिल गया है। वर्ष 2024 बैच के भारतीय वन सेवा के युवा अधिकारी धीनु पुरुषोत्तमन ने चंपावत वन प्रभाग के 19वें प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) के रूप में कार्यभार संभाल लिया। कार्यभार ग्रहण करने पर वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया।

नव नियुक्त डीएफओ धीनु पुरुषोत्तमन ने जिलाधिकारी मनीष कुमार से शिष्टाचार भेंट की तथा उन्हें पुष्प गमला भेंट किया। जिलाधिकारी ने उन्हें नवीन दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए जिले में वन संरक्षण, वन्यजीव सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ विकास कार्यों में बेहतर अंतर्विभागीय समन्वय के साथ प्रभावी कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की।
स्थायी डीएफओ की तैनाती नहीं होने के कारण पिछले करीब एक वर्ष से पिथौरागढ़ वन प्रभाग के डीएफओ आशुतोष सिंह चंपावत का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे थे। उत्तरकाशी स्थानांतरण के बाद उनके स्थान पर धीनु पुरुषोत्तमन की तैनाती हुई है। इस दौरान वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने निवर्तमान डीएफओ आशुतोष सिंह को भावभीनी विदाई दी।
विदाई समारोह में आशुतोष सिंह ने चंपावत वन प्रभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि सभी अधिकारी-कर्मचारी संवेदनशील, सहयोगी और व्यवहार कुशल हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्हें सभी का भरपूर सहयोग मिला, जिसके लिए उन्होंने आभार जताया।
वहीं, मूल रूप से केरल निवासी नए डीएफओ धीनु पुरुषोत्तमन ने चंपावत की प्राकृतिक संपदा और खूबसूरत वनों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संपदा से समृद्ध इस क्षेत्र में सेवा करने का अवसर उनके लिए गौरव की बात है। उन्होंने वन संपदा के संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और विभागीय कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने का भरोसा दिलाया।
समारोह की अध्यक्षता एसडीओ सुनील कुमार ने की, जबकि संचालन प्रधान सहायक आनंद गिरि ने किया। इस दौरान वन क्षेत्राधिकारी हिमालय टोलिया, दीप जोशी, बृजमोहन टमटा, रमेश चंद जोशी, गुलजार हुसैन, नंदकिशोर पंत समेत वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
फोटो_नए डीएफओ धीनु पुरुषोत्तमन का स्वागत करते वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी,साथ में निवर्तमान डीएफओ आशुतोष सिंह।




