चंपावत: वन दरोगा से मारपीट मामले में चार्जशीट पर उठे सवाल, जनप्रतिनिधियों ने एसपी से मांगा जवाब।

Share This Post

22 जुलाई को दर्ज हुआ था नामजद मुकदमा, कार्रवाई की स्थिति को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने एसपी से की मुलाकात

चंपावत। देवीधुरा में ड्यूटी के दौरान वन दरोगा पवन महरा के साथ कथित मारपीट और अभद्रता के मामले में पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल उठने लगे हैं। मामले में चार्जशीट दाखिल होने की स्थिति स्पष्ट करने की मांग को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

स्थानीय विधायक खुशाल सिंह अधिकारी, जिला पंचायत सदस्य अशोक महरा समेत करीब एक दर्जन लोगों के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर मामले की विवेचना और अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी मांगी। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि 22 जुलाई 2026 को थाना पाटी में नामजद मुकदमा दर्ज होने के बाद भी कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी थी, जिससे क्षेत्र में तरह-तरह के सवाल उठ रहे थे।
प्रतिनिधिमंडल ने मामले में निष्पक्ष और समयबद्ध कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि ड्यूटी पर तैनात सरकारी कर्मचारी के साथ कथित मारपीट का प्रकरण गंभीर है।

ऐसे मामलों में कानून के तहत पारदर्शी कार्रवाई जरूरी है।
हालांकि पुलिस अधीक्षक की ओर से इस संबंध में फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वहीं जिला पंचायत सदस्य अशोक महरा ने बताया कि एसपी ने प्रतिनिधिमंडल को मामले में चार्जशीट दाखिल होने की जानकारी दी है।
जनप्रतिनिधियों ने मांग की कि प्रकरण की कार्रवाई को लेकर स्थिति सार्वजनिक रूप से स्पष्ट की जाए और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ित पक्ष का पुलिस और कानून व्यवस्था पर भरोसा कायम रहे।

फोटो_वन दरोगा से मारपीट मामले को लेकर एसपी से बातचीत करते स्थानीय जनप्रतिनिधि।


Share This Post