

जन्मदिवस पर दीर्घायु की कामना को संस्कृत महाविद्यालय में मारकंडेय पूजन और रुद्राभिषेक
देवीधुरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर बाराहीधाम स्थित श्री बाराही संस्कृत महाविद्यालय में गुरुवार को विशेष अनुष्ठान कराया गया। प्रधानमंत्री के दीर्घ एवं स्वस्थ जीवन की कामना को लेकर महाविद्यालय के बटुकों और आचार्यों ने मारकंडेय पूजन के साथ रुद्राभिषेक किया। सुबह से ही परिसर वैदिक मंत्रोच्चार और संस्कृत ऋचाओं से गूंजता रहा।

प्राचार्य हरिश्चंद्र पांडे की अध्यक्षता और आचार्य गोपाल दत्त पंतोला के संचालन में हुए कार्यक्रम में संस्कृत विद्वानों ने प्रधानमंत्री के कार्यों और देश में हुए बदलावों पर विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साधारण मानव नहीं, महामानव हैं। उनके नेतृत्व में देश के विभिन्न क्षेत्रों में परिवर्तन हुआ है और राष्ट्रीय चेतना को मजबूती मिली है।
पीजी कॉलेज देवीधुरा के संस्कृत विभागाध्यक्ष डॉ. हेमचंद तिवारी ने कहा कि पिछले वर्षों में सामाजिक, वैचारिक और राष्ट्रीय भावनाओं को व्यापक मंच मिला है। उन्होंने भारतीय संस्कृति, संस्कृत भाषा और संस्कारों के संरक्षण के प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया। पंकज भट्ट ने भी विचार रखे।
वेदाचार्य संजीव पांडे के नेतृत्व में मारकंडेय पूजन और रुद्राभिषेक संपन्न हुआ।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री के दीर्घ जीवन की कामना की। कार्यक्रम में आचार्य कीर्ति वल्लभ शास्त्री, प्रकाश जोशी, ललित मोहन जोशी, हयात सिंह बिष्ट, पीजी कॉलेज के प्रवक्ता डॉ. विकास सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
डॉ. हेमचंद तिवारी ने महाविद्यालय के बटुकों को भोज कराया। उन्होंने संस्कृत एवं संस्कृति के संरक्षण का संकल्प लेकर अध्ययन कर रहे बटुकों का आशीर्वाद लिया। महाविद्यालय में एक माह तक नियमित शिक्षा के साथ वैदिक क्रियाएं जारी रहेंगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस पर भी उनके दीर्घ जीवन की कामना को लेकर अनुष्ठान किए जाएंगे।
फोटो_ बाराही संस्कृत महाविद्यालय में प्रधानमंत्री मोदी के दीर्घ जीवन की कामना को लेकर रुद्राभिषेक करते बटुक।




