

चंपावत। जिले में बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों को गड्ढामुक्त करने का अभियान तेज हो गया है। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर सड़क निर्माण एवं रखरखाव से जुड़े विभागों ने विभिन्न मोटर मार्गों पर पैच रिपेयर का काम युद्धस्तर पर शुरू कर दिया है।
प्रमुख मोटर मार्गों के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग और संपर्क मार्गों के क्षतिग्रस्त हिस्सों को चिह्नित कर मरम्मत कराई जा रही है। इसी क्रम में राष्ट्रीय राजमार्ग खंड की टीम ने टनकपुर-बेलखेत सेक्शन में पैच वर्क कराया।
राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिशासी अभियंता विभोर गुप्ता ने बताया कि जिले में एनएच के विभिन्न हिस्सों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है और जरूरत के अनुसार तत्काल पैच रिपेयर कराया जा रहा है। बारिश से खराब हुए हिस्सों की मरम्मत को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन मिल सके।
जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को राष्ट्रीय राजमार्ग, प्रमुख जिला मार्ग, ग्रामीण मोटर मार्ग और अन्य महत्वपूर्ण सड़कों पर मरम्मत कार्य निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की निगरानी में चल रहे अभियान का उद्देश्य सड़क की खराब स्थिति से आमजन को होने वाली परेशानी को कम करना और आवागमन व्यवस्था को सुरक्षित बनाना है।
फोटो_ टनकपुर-बेलखेत मार्ग पर पैच रिपेयर करते कर्मचारी।




