चंपावत: 2,770 नशीले कैप्सूल-टैबलेट के साथ बरेली का आरोपी गिरफ्तार!

Share This Post

एसपी रेखा यादव ने एसपी कार्यालय में प्रेस वार्ता कर किया खुलासा, पीलीभीत के दवा वितरक से जुड़े तारों की जांच में जुटी पुलिस

चंपावत। नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ चंपावत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2,770 कैप्सूल और टैबलेट बरामद किए हैं। ऑपरेशन प्रहार के तहत बनबसा पुलिस ने बरेली निवासी 35 वर्षीय विक्रम सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में कथित रूप से प्रयुक्त स्विफ्ट कार को भी सीज कर दिया है। शनिवार को एसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने मामले का खुलासा करते हुए कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर को धनुषपुल चौकी के पूर्वी छोर पर चेकिंग के दौरान खटीमा की ओर से आ रही सफेद रंग की स्विफ्ट कार (UK06BD5048) को रोककर तलाशी ली गई। कार चालक के पास रखे लाल-सफेद बैग से बड़ी मात्रा में कैप्सूल और टैबलेट बरामद हुए। मामले की गंभीरता को देखते हुए औषधि निरीक्षक हर्षिता को मौके पर बुलाकर बरामद दवाओं की पहचान और तकनीकी जांच कराई गई।

पुलिस के मुताबिक, बरामद दवाओं में 1,680 कैप्सूल डाइसाइक्लोमाइन एचसीएल, ट्रामाडोल एचसीएल एवं एसिटामिनोफेन युक्त, 790 प्रेगाबालिन कैप्सूल 300 मिलीग्राम और 300 टैपेंटाडोल टैबलेट 100 मिलीग्राम शामिल हैं। इसके अलावा आरोपी के पास से 4,000 रुपये नकद और एक ओप्पो मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। औषधि निरीक्षक की जांच में कुछ दवाएं एनडीपीएस अधिनियम के तहत नियंत्रित मनःप्रभावी पदार्थों की श्रेणी में पाई गईं। पुलिस ने सभी दवाओं को नियमानुसार जब्त कर लिया।

पीलीभीत के दवा वितरक से जुड़े तार_

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुद को डी. फार्मा धारक बताया। पुलिस के अनुसार, उसने पीलीभीत निवासी मोहम्मद कामरान नामक दवा वितरक से दवाएं मिलने की बात कही है। पुलिस अब दवाओं की खरीद-फरोख्त के स्रोत का पता लगाने के साथ ही कुमाऊं क्षेत्र में संभावित सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस कारोबार में अन्य लोग शामिल हैं या नहीं।
इस मामले में थाना बनबसा में धारा 8/22/60 एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ड्रग फ्री देवभूमि मिशन के तहत पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष विनय मित्तल, उपनिरीक्षक दीवान सिंह बिष्ट, अपर उपनिरीक्षक धीरेन्द्र सिंह बिष्ट, कांस्टेबल पंकज सजवान और औषधि निरीक्षक हर्षिता शामिल रहे।

फोटो_ एसपी कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान नशीली दवाओं की बरामदगी का खुलासा करतीं पुलिस अधीक्षक रेखा यादव।


Share This Post