चंपावत: जनता मिलन में उमड़ी फरियादियों की भीड़, 139 शिकायतों से घिरा प्रशासन!

Share This Post

डीएम मनीष कुमार ने अधिकारियों को लगाई फटकार, जनसमस्याओं के निस्तारण में लापरवाही और देरी बर्दाश्त नहीं।

मौके पर 9 आयुष्मान कार्ड बने, दिव्यांगों के उपचार और ग्रामीणों की पेयजल समस्या पर दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

चंपावत। सरकारी योजनाओं और व्यवस्थाओं के बीच आम जनता की समस्याएं किस कदर बनी हुई हैं, इसकी तस्वीर सोमवार को जिला सभागार में आयोजित जनता मिलन में सामने आई। जिले के दूरस्थ क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखीं तो शिकायतों का आंकड़ा 139 तक पहुंच गया। किसी ने पेयजल संकट से निजात दिलाने की मांग उठाई तो किसी ने सड़क, आवास, आर्थिक सहायता और फसलों की सुरक्षा के लिए प्रशासन का दरवाजा खटखटाया।

जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित जनता मिलन में शिकायतों का अंबार देखकर अधिकारियों को साफ संदेश दिया गया कि जनता की समस्याओं को फाइलों में दबाकर रखने का रवैया अब नहीं चलेगा। डीएम ने सख्त निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए तथा जनहित के मामलों में अनावश्यक देरी किसी भी सूरत में न हो।

बाइट_जिलाधिकारी मनीष कुमार

जनता मिलन में सोलर लाइट, फसलों की सुरक्षा के लिए घेरबाड़ और चेनलिंक फेंसिंग, प्रधानमंत्री आवास योजना, सुरक्षा दीवार निर्माण, राशन कार्ड, पशुपालन, सड़क, पेयजल और आर्थिक सहायता से जुड़े मामले प्रमुखता से उठे। मुड़ियानी निवासी ममता देवी ने अपने दिव्यांग पुत्र हिमांशु रावत के उपचार और आर्थिक सहायता की गुहार लगाई, जबकि दिव्यांग सुंदर सिंह ने भी मदद की मांग रखी। इस पर डीएम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को उपचार संबंधी आवश्यक कार्रवाई तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ग्रामसभा हरम-मंच के शंकर सिंह ने पेयजल समस्या उठाई तो जल निगम के अधिशासी अभियंता को समाधान के लिए निर्देशित किया गया।

मौराड़ी के लक्ष्मीदत्त जोशी, नरसिंह डांडा की कमला देवी, लड़ाबोरा अमोड़ी के मुकेश सिंह नेगी, लोहाघाट के अनिल राय, अर्जुन सिंह और सुंदरी देवी ने आर्थिक सहायता की मांग रखी। वहीं अजय नरियाल ने जंगली जानवरों से फसलों को बचाने के लिए घेरबाड़ कराने की मांग उठाई। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सभी आवेदनों का पात्रता के आधार पर परीक्षण कर कार्रवाई करने को कहा।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि जनता को एक ही समस्या के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। शिकायतों पर केवल कागजी कार्रवाई कर जिम्मेदारी पूरी न समझी जाए, बल्कि समाधान जमीन पर दिखाई देना चाहिए। प्रत्येक आवेदन की नियमित निगरानी हो और शिकायतकर्ता को कार्रवाई की स्थिति से भी अवगत कराया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मंशा के अनुरूप अंतिम छोर पर खड़े पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। जनता मिलन के दौरान 9 लाभार्थियों के मौके पर आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए। इस अवसर पर प्रभागीय मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, एपीडी विम्मी जोशी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

फोटो_ जनता मिलन में लोगों की समस्याएं सुनते जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post