

डॉ. भरत चंद ने रखी दुग्ध क्रांति की नींव, जनक चंद और डॉ. जेपी यादव बढ़ा रहे कारवां।
चंपावत। किसी जिले की विकास यात्रा केवल बड़ी योजनाओं और सरकारी घोषणाओं से नहीं लिखी जाती, बल्कि उन लोगों की मेहनत भी इसमें अहम भूमिका निभाती है, जो बिना किसी प्रचार के जमीन पर बदलाव लाते हैं। चंपावत में ऐसे ही कुछ चेहरे हैं, जिन्होंने पशुपालन से लेकर जनसेवा तक अपनी कार्यशैली से अलग पहचान बनाई है।
पशुपालन के क्षेत्र में डॉ. भरत चंद का योगदान किसी उपलब्धि से कम नहीं है। उनकी मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति ने जिले में दुग्ध क्रांति की नींव रखी। पशुपालकों के बीच उनकी कार्यशैली आज भी याद की जाती है। खास बात यह रही कि उन्होंने बिना किसी अतिरिक्त बजट के अपने प्रयासों से दूध उत्पादन को नई दिशा दी।
उनके स्थानांतरण के बाद इस अभियान को पशु चिकित्सा फार्मेसी अधिकारी जनक चंद आगे बढ़ा रहे हैं। उनके प्रयासों से करीब 40 हजार गायों में कृत्रिम गर्भाधान (एआई) की प्रक्रिया को सफलता मिली है। सेक्स सॉर्टेड वीर्य तकनीक से पशुपालकों को बेहतर नस्ल की बछिया प्राप्त करने में मदद मिल रही है। इससे नर बछड़ों के पालन की समस्या भी काफी हद तक कम हुई है।
वहीं, पिछले दो वर्षों से लोहाघाट में तैनात पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. जेपी यादव ने अपनी सेवाभावना से अलग पहचान बनाई है। किसान परिवार से आने वाले डॉ. यादव पशु सर्जरी में दक्ष माने जाते हैं। इलाज के दौरान कठिन परिस्थितियां और संसाधनों की कमी भी उनके हौसले को नहीं डिगा पाती। कई गंभीर पशुओं को उन्होंने अपनी मेहनत और विशेषज्ञता से नया जीवन दिया है। उनका मानना है कि पशु और पशुपालक ही विभाग की असली ताकत हैं। डॉ. यादव, डॉ. भरत चंद को अपना गुरु मानते हैं और उनके दिखाए रास्ते पर चलकर सेवा को प्राथमिकता दे रहे हैं।
फोटो_ चंपावत में दुग्ध क्रांति और जनसेवा को नई पहचान देने वाले डॉ. भरत चंद, डॉ. जेपी यादव एवं जनक चंद।




