

आधा दर्जन पिंजरे और 15 ट्रैप कैमरे लगाए, ड्रोन से भी तलाश; 24 घंटे गश्त कर रहा वन विभाग
लोहाघाट। सुई गांव में 13 वर्षीय हर्षित पुजारी की जान लेने वाला गुलदार अब तक वन विभाग की पकड़ में नहीं आया है। गुलदार को पकड़ने के लिए वन विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। उसे ट्रेंकुलाइज करने के लिए विशेषज्ञ भी प्रभावित क्षेत्र में पहुंच गए हैं। आधा दर्जन पिंजरे लगाने के साथ 15 ट्रैप कैमरों और ड्रोन से उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
डीएफओ धेनु पुरुषोत्तमन ने बताया कि एसडीओ सुनील कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई है। वनकर्मी 24 घंटे प्रभावित क्षेत्र में गश्त कर रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई कि दीपावली के दौरान लगातार पटाखे फूटने से गुलदार ने अपना ठिकाना बदल लिया होगा। हालांकि, विभाग की टीमें लगातार उसकी तलाश में जुटी हैं।
डीएफओ ने ग्रामीणों से सुबह और शाम अकेले बाहर नहीं निकलने, घरों के आसपास रोशनी रखने और झाड़ियों की सफाई करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कोहरे का फायदा उठाकर गुलदार आबादी के नजदीक पहुंच सकता है। घरों के आसपास कूड़ा और रसोई का अपशिष्ट जमा न करें।
उन्होंने बताया कि जंगल में अचानक गुलदार दिखाई देने पर उसका रास्ता न रोकें और न ही उसे उकसाने का प्रयास करें। गुलदार को मारने के लिए अभी विभाग को अनुमति नहीं मिली है। फिलहाल उसे पकड़ने और ट्रेंकुलाइज करने के लिए वन विभाग पूरी सतर्कता के साथ अभियान चला रहा है।
फोटो_सुई गांव के गुलदार प्रभावित क्षेत्र में गश्त करते वनकर्मी।





