चंपावत: 107.35 करोड़ से बदलेगी शारदा घाट की तस्वीर, डीएम ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश।

Share This Post

टनकपुर में पुनर्विकास परियोजना का स्थलीय निरीक्षण, अतिरिक्त मशीनरी लगाने और गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर।

टनकपुर(चंपावत)। मां शारदा की नगरी टनकपुर स्थित शारदा घाट को भव्य और आधुनिक स्वरूप देने की कवायद जारी है। 107.35 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे शारदा घाट पुनर्विकास कार्यों का शनिवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति परखी और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर विभिन्न कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने कार्यदायी संस्था के सहायक अभियंता चंदन भारद्वाज से अब तक हुए निर्माण और आगामी कार्यों की जानकारी ली। डीएम ने ठेकेदार को आवश्यकतानुसार अतिरिक्त मशीनरी लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्माण कराने और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को भी कहा।
शारदा घाट पुनर्विकास परियोजना के प्रथम चरण की स्वीकृत लागत 107 करोड़ 35 लाख रुपये है। उत्तराखंड निवेश एवं आधारिक संरचना विकास बोर्ड (यूआईआईडीबी) की इस परियोजना का निर्माण पीआईयू-3, यूपी डीसीसी लिमिटेड देहरादून के माध्यम से कराया जा रहा है।

परियोजना पूरी होने के बाद शारदा घाट क्षेत्र में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही शारदा रिवर फ्रंट का विकास होने से टनकपुर में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने और शहर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अपर परियोजना निदेशक विम्मी जोशी, तहसीलदार पिंकी आर्या, अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

फोटो_शारदा घाट में निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post