चंपावत में पहली बार फुटबॉल का महाकुंभ।

Share This Post

15 फरवरी से स्व. तेज सिंह लडवाल मेमोरियल मैदान में गूंजेगा कुमाऊं प्रीमियर लीग 2026 का शंखनाद।

चंपावत। खेल प्रेमियों के लिए यह ऐतिहासिक पल है। लड़वाल स्टेट स्थित स्वर्गीय तेज सिंह लडवाल मेमोरियल खेल मैदान 15 फरवरी को जिले में पहली बार आयोजित हो रही कुमाऊं प्रीमियर लीग 2026 का गवाह बनने जा रहा है। विजेता टीम को ₹6 लाख और उपविजेता टीम को ₹3 लाख का नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। कुमाऊं मंडल के प्रत्येक जिले से लगभग आधा दर्जन टीमें इस प्रतियोगिता में भाग लेने पहुंच रही हैं, जिससे मुकाबले बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।
लीग का आगाज 15 फरवरी को दोपहर 12:30 बजे शक्ति की प्रतीक बालिकाओं के फुटबॉल डेमो मैच से होगा, जो बेटियों के बढ़ते कदम और खेलों में उनकी भागीदारी का प्रेरक संदेश देगा। 17 फरवरी को सुबह 10 बजे पिथौरागढ़ और उधम सिंह नगर के बीच मुकाबला खेला जाएगा, दोपहर 1 बजे नैनीताल और बागेश्वर आमने-सामने होंगे, जबकि शाम 4 बजे चंपावत और अल्मोड़ा के बीच संभावित भिड़ंत होगी। 18 फरवरी को सुबह 10 बजे बागेश्वर और अल्मोड़ा, दोपहर 1 बजे उधम सिंह नगर और नैनीताल तथा शाम 4 बजे चंपावत और पिथौरागढ़ के बीच जोरदार मुकाबले निर्धारित हैं।
उत्तराखंड के प्रमुख उद्यमी एवं सामाजिक कार्यकर्ता नरेंद्र लड़वाल की पहल से चम्पावत में आयोजित इस लीग मैंच का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित कर उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रखना है। उनका मानना है कि खेल ही युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देकर समाज को मजबूत बना सकते हैं।
कुमाऊं प्रीमियर लीग के आयोजक एवं विठोरिया यूनाइटेड फुटबॉल क्लब के प्रबंध निदेशक तथा सर्वोपरि वेलफेयर सोसाइटी के प्रमुख वीरु कालाकोटी ने बताया कि लीग की शुरुआत गत वर्ष हल्द्वानी से की गई थी, जहां इसे अभूतपूर्व सफलता मिली। इस वर्ष कुमाऊं के अन्य जिलों में भी प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है, जबकि फाइनल मुकाबला हल्द्वानी में प्रस्तावित है।
प्रतियोगिता को लेकर चंपावत का स्वर्गीय तेज सिंह लडवाल मेमोरियल स्टेडियम इन दिनों दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। आयोजन को सफल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।


फोटो: चंपावत स्थित स्वर्गीय तेज सिंह लडवाल मेमोरियल स्टेडियम, जहां पहली बार कुमाऊं प्रीमियर लीग 2026 का आयोजन होने जा रहा है।


Share This Post