कुमाऊं प्रीमियर लीग 2026 से पहले डेमो मैच में चंपावत की बेटियों ने दिखाया दमखम।
चंपावत। शहर के दीवान सिंह लडवाल मेमोरियल स्टेडियम ने रविवार को एक ऐतिहासिक पल का साक्षी बनते हुए पहली बार बालिका फुटबॉल मुकाबले की मेजबानी की। 17 और 18 फरवरी को आयोजित होने जा रही कुमाऊं प्रीमियर लीग 2026 से पूर्व आयोजित डेमो मैच में जिले के नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों की बालिकाओं ने शानदार खेल का प्रदर्शन कर यह साबित कर दिया कि वे किसी से कम नहीं हैं।
खेल सुविधाओं के अभाव के बावजूद फुटबॉल के प्रति उनके जुनून ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। ग्रामीण अंचलों से आई प्रतिभाओं ने यह संदेश दिया कि यदि उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन मिले तो वे राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बना सकती हैं। डेमो मैच में चंपावत की टीम ने जवाहर नवोदय विद्यालय की टीम को 4-1 से पराजित कर जीत अपने नाम की। चंपावत की ओर से कंचन ने पहला गोल दागा, इसके बाद मनीषा ने दूसरा, हिमानी ने तीसरा और कीर्ति नाथ ने चौथा गोल कर टीम को मजबूत बढ़त दिलाई। जवाब में नवोदय विद्यालय की टीम ने भी जज्बा दिखाते हुए एक गोल कर मुकाबले को सम्मानजनक बनाया। दोनों टीमों ने खेल भावना और अनुशासन का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
टॉस चंपावत टीम ने जीता। मुकाबले में निर्णायक की भूमिका कविता नेगी और शौर्य ने निभाई। इससे पूर्व मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे और विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा ने प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए बालिकाओं का उत्साहवर्धन किया। अतिथियों ने आयोजनकर्ता नरेंद्र लड़वाल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं को खेल, विशेषकर फुटबॉल के क्षेत्र में आगे लाना समय की आवश्यकता है। आयोजक नरेंद्र लड़वाल ने सभी अतिथियों और खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य मॉडल जिले में महिला फुटबॉल को बढ़ावा देकर इसे एक हब के रूप में विकसित करना है, ताकि यहां की प्रतिभाएं वैश्विक स्तर पर पहचान बना सकें। डेमो मैच में ग्रामीण बालिकाओं के शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों और आयोजकों की उम्मीदों को नई उड़ान दी।
कार्यक्रम की शुरुआत में नरेंद्र लड़वाल ने अपनी जीवनसंगिनी सुनीता लड़वाल, पुत्र गौरव और पुत्रवधु गरिमा के साथ पूर्ण वैदिक विधि-विधान से अपने स्वर्गीय दादा दीवान सिंह लड़वाल को समर्पित स्टेडियम का लोकार्पण किया। कुल पुरोहित पंडित मुरलीधर गहतोड़ी ने पूजा-अर्चना संपन्न कराई और यजमान को आशीर्वाद प्रदान किया। 17 एवं 18 फरवरी को इसी स्टेडियम में कुमाऊं प्रीमियर लीग 2026 के फुटबॉल मुकाबले खेले जाएंगे, जिसमें कुमाऊं के सभी जिलों की टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
फोटो – बालिका मैच से पूर्व आयोजक श्री लडवाल एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा सभी खिलाड़ियों को आशीर्वाद देते हुए।
चंपावत: दीवान सिंह लडवाल मेमोरियल स्टेडियम में पहली बार गूंजा बालिका फुटबॉल का जोश।
