चंपावत: चल्थी में एसओजी का बड़ा एक्शन,गुलदार की खाल के साथ तस्कर गिरफ्तार।

Share This Post

चंपावत। जनपद में वन्य जीव तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत चंपावत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। चल्थी क्षेत्र में एसओजी और वन विभाग की संयुक्त टीम ने एक तस्कर को गुलदार (तेंदुए) की खाल के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के कुशल नेतृत्व में जिले में वन्य जीव तस्करी के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। उनके निर्देश पर सभी थाना प्रभारियों और एसओजी टीम को प्रभावी वैधानिक कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।
इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी टनकपुर वंदना वर्मा के निर्देशन में 19 फरवरी (गुरुवार ) को एसओजी टीम ने चल्थी क्षेत्र में सूचना संकलन और सुरागरसी के आधार पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान संदिग्ध ईश्वर राम उर्फ दीपक (43 वर्ष), निवासी तल्ली खटोली, को गिरफ्तार कर लिया गया।
अभियुक्त के कब्जे से लगभग 162 सेंटीमीटर लंबी, करीब दो वर्ष पुराने गुलदार की खाल, एक ओप्पो मोबाइल फोन और 540 रुपये नकद बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व जंगली जानवरों को पकड़ने के लिए लगाए गए फंदे में गलती से गुलदार फंस गया था, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने अपने ताऊ के लड़के चन्दन राम के साथ मिलकर खाल निकाल ली थी। आरोपी इसे टनकपुर में दो लाख रुपये में बेचने की फिराक में था।
अभियुक्त के विरुद्ध वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धाराओं 9/39/48(A)/44/49(B)/51/52 के अंतर्गत रेंज कार्यालय सुखीढांग में मुकदमा दर्ज किया गया है।
चंपावत पुलिस ने उत्तराखंड की प्राकृतिक धरोहर और वन्य जीवों के संरक्षण के लिए जनपदवासियों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम नंबर 112 पर दें।
संयुक्त कार्रवाई में एसआई कमलेश भट्ट (एसओजी प्रभारी), एसआई राकेश कठायत सहित अन्य पुलिस कर्मी तथा वन विभाग की टीम में क्षेत्राधिकारी गुलजार हुसैन, बन दरोगा गिरीश जोशी, वन आरक्षी गौरव और संजय सिंह शामिल रहे। इस कार्रवाई के बाद वन्य जीव तस्करों में हड़कंप मच गया है और क्षेत्र में पुलिस की तत्परता की सराहना की जा रही है।


Share This Post