चंपावत: 40 हजार की लागत से बनाई सोलर कार, डीएम ने राहुल नरियाल को किया सम्मानित।

Share This Post

मादली के युवा नवाचारी की उपलब्धि पर माता-पिता को भी मिला सम्मान, वैकल्पिक ऊर्जा के क्षेत्र में दिखाई प्रतिभा।

चंपावत। अपनी तकनीकी प्रतिभा और मेहनत के दम पर सोलर कार तैयार करने वाले मादली निवासी युवा राहुल नरियाल को जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सम्मानित किया।
जिलाधिकारी ने राहुल के साथ उनके पिता भैरव दत्त नरियाल और माता बसंती देवी को भी शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने राहुल की उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के छात्र राहुल ने करीब एक माह की मेहनत और लगभग 40 हजार रुपये की लागत से एक व्यक्ति के बैठने की क्षमता वाली सोलर कार तैयार की है। उनकी इस उपलब्धि से जनपद का नाम रोशन हुआ है। इससे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी राहुल को सम्मानित कर चुके हैं।

राहुल डेराबस्सी स्थित लोंगोवाल पॉलीटेक्निक कॉलेज में अध्ययनरत हैं। पढ़ाई के दौरान सौर ऊर्जा के उपयोग से कार तैयार करना उनकी तकनीकी समझ, रचनात्मक सोच और नवाचार के प्रति रुचि को दर्शाता है। उनकी यह पहल दूसरे युवाओं को भी तकनीकी ज्ञान का व्यावहारिक इस्तेमाल करने और नए प्रयोग करने के लिए प्रेरित करेगी।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने राहुल की मेहनत, लगन और प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं के ऐसे नवाचार समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। उन्होंने राहुल को आगे भी इसी उत्साह के साथ तकनीकी क्षेत्र में नए प्रयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया।

फोटो_सोलर कार बनाने वाले युवा नवाचारी राहुल नरियाल और उनके माता-पिता को सम्मानित करते जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post