एक घंटे की पहल से पर्यावरण संरक्षण का संदेश, रात 8:30 से 9:30 बजे तक लाइटें बंद रखने की अपील।
चंपावत। जनपद चंपावत में 28 मार्च, को वैश्विक पर्यावरण अभियान के तहत ‘अर्थ ऑवर’ मनाया जाएगा। इस अवसर पर रात्रि 8:30 बजे से 9:30 बजे तक सभी नागरिकों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, शैक्षणिक संस्थानों एवं सरकारी कार्यालयों से एक घंटे के लिए गैर-जरूरी लाइटों एवं विद्युत उपकरणों को बंद रखने की अपील की गई है, ताकि ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंच सके।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जनपदवासियों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि ‘अर्थ ऑवर’ केवल एक घंटे का प्रतीकात्मक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह पर्यावरण के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ऊर्जा की बढ़ती खपत और प्राकृतिक संसाधनों के निरंतर दोहन के चलते पर्यावरणीय संतुलन पर खतरा बढ़ता जा रहा है, ऐसे में इस प्रकार के अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने दैनिक जीवन में छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लाता है, जैसे अनावश्यक बिजली की खपत को कम करना, ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोतों को अपनाना तथा पर्यावरण के प्रति सजग रहना, तो इसके सकारात्मक परिणाम दूरगामी रूप से देखने को मिल सकते हैं। ‘अर्थ ऑवर’ इसी सोच को मजबूत करने का एक प्रभावी माध्यम है, जो लोगों को ऊर्जा बचत के प्रति प्रेरित करता है।
जिलाधिकारी ने समस्त विभागों को निर्देशित किया है कि वे इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें तथा अधिकारियों और कर्मचारियों को जागरूक करते हुए निर्धारित समय पर ‘अर्थ ऑवर’ का अनुपालन कराएं। साथ ही विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्वयंसेवी संगठनों और सामाजिक संस्थाओं से भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपेक्षा की गई है, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक पर्यावरण संरक्षण का यह संदेश पहुंच सके।
मनीष कुमार ने कहा कि इस प्रकार के जनहितकारी अभियानों की सफलता जनसहभागिता पर निर्भर करती है। जब आमजन स्वेच्छा से इस पहल में शामिल होते हैं, तो यह न केवल ऊर्जा बचत की दिशा में एक प्रभावी कदम बनता है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक चेतना को भी मजबूत करता है।
फोटो_जिलाधिकारी मनीष कुमार।
चंपावत: “अंधेरा नहीं, जागरूकता की रोशनी” चंपावत में 28 मार्च को ‘अर्थ ऑवर’
