

लोहाघाट। मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना (MUY) के तहत उद्यमिता का संदेश गांव-गांव पहुंचाने के लिए संचालित आईईसी वैन ने लोहाघाट क्षेत्र में व्यापक प्रचार-प्रसार किया। विकासखंड मुख्यालय से खंड विकास अधिकारी कविंद्र रावत एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने आईईसी वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
वैन के माध्यम से लोहाघाट, चौड़ीराई, मीना बाजार, किमतोली, डिगालीचौड़, रौसाल और पुल्ला सहित विभिन्न ग्रामीण एवं बाजार क्षेत्रों में युवाओं, स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीणों को मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना की जानकारी दी गई।
इस दौरान उद्यम स्थापना, उद्यम विकास, स्वरोजगार के अवसर तथा विभिन्न विभागीय योजनाओं के तहत मिलने वाले सहयोग की जानकारी प्रदान की गई।
अभियान के तहत चौड़ीराई में उद्यमिता चौपाल भी आयोजित हुई। इसमें स्थानीय उद्यमियों एवं स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों ने प्रतिभाग किया। इन्क्यूबेशन मैनेजर पंकज बिष्ट एवं बीपीडीई विश्व दीपक ने MUY और आईईसी वैन के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए युवाओं को उद्यमिता के लिए प्रेरित किया।
लीड बैंक मैनेजर मैथानी ने बैंकिंग सेवाओं एवं वित्तीय साक्षरता से जुड़ी जानकारी दी। विभिन्न रेखीय विभागों के प्रतिनिधियों ने विभागीय योजनाओं और उद्यमियों को उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी साझा की। चौपाल में प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया भी बताई गई।
कार्यक्रम में MUY जिला टीम, REAP जिला एवं ब्लॉक टीम, NRLM ब्लॉक टीम तथा बैंकर्स मौजूद रहे। टीम ने स्थानीय युवाओं, उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को उद्यम स्थापित करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान किया।
फोटो_लोहाघाट में मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के प्रचार-प्रसार को पहुंची आईईसी वैन के साथ मौजूद स्थानीय लोग एवं टीम के सदस्य।





