चंपावत: कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा कल करेंगे 13 दिवसीय बग्वाल मेले का भव्य शुभारंभ।

Share This Post

कैबिनेट मंत्री के रूप में पहली बार देवीधुरा आगमन पर भव्य स्वागत की तैयारियां पूरी।

देवीधुरा। मां बाराही धाम देवीधुरा में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक 13 दिवसीय बग्वाल मेले की लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रविवार, 23 अगस्त को एकादशी के पावन अवसर पर सुबह 11 बजे कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा भव्य समारोह के बीच मेले का विधिवत शुभारंभ करेंगे। कैबिनेट मंत्री के रूप में कैड़ा का देवीधुरा में यह पहला आगमन है। उनके स्वागत को लेकर क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह है और व्यापक तैयारियां की गई हैं। राम सिंह कैड़ा वालिक खाम के बग्वाली वीर के रूप में पिछले 38 वर्षों से देवीधुरा की ऐतिहासिक बग्वाल में भाग लेते आ रहे हैं। इस बार कैबिनेट मंत्री के रूप में उनके आगमन को लेकर चार खाम और सात थोक के लोगों के साथ ही श्री बाराही मंदिर ट्रस्ट एवं जिला पंचायत के प्रतिनिधियों में भी विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। क्षेत्रवासी उनके भव्य स्वागत की तैयारियों में जुटे हैं।श्री बाराही मंदिर ट्रस्ट के संस्थापक लक्ष्मण सिंह लमगड़िया के अनुसार, कैड़ा के आगमन को लेकर क्षेत्र के लोग बेहद उत्साहित हैं और उनके स्वागत के लिए आतुर हैं। उन्होंने कहा कि राम सिंह कैड़ा युवाओं सहित समाज के हर वर्ग में लोकप्रिय और सम्मानित जनप्रतिनिधि के रूप में जाने जाते हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा सुबह 11 बजे हनुमान मंदिर पहुंचेंगे, जहां एकत्रित लोगों द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद उनके सम्मान में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। कैड़ा शोभायात्रा का नेतृत्व करते हुए देवीधुरा चौक और मुख्य बाजार से होते हुए मां बाराही मंदिर पहुंचेंगे। यहां वे दीप प्रज्वलित कर 13 दिवसीय बग्वाल मेले का पारंपरिक रूप से शुभारंभ करेंगे।समारोह के दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। मेले के उद्घाटन समारोह को भव्य और यादगार बनाने के लिए मंदिर ट्रस्ट, स्थानीय लोगों एवं संबंधित संस्थाओं द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है।नई पीढ़ी को सौंपी जा रही ऐतिहासिक विरासत श्री बाराही मंदिर ट्रस्ट की व्यवस्थाओं को अब नई पीढ़ी को सौंपने की दिशा में भी पहल की जा रही है। नई पीढ़ी को इस ऐतिहासिक धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का  ध्वजवाहक  बनाया जा रहा है, ताकि मां बाराही धाम की परंपराओं और व्यवस्थाओं को भविष्य में भी मजबूती के साथ आगे बढ़ाया जा सके। कैबिनेट मंत्री के रूप में राम सिंह कैड़ा के प्रथम आगमन और ऐतिहासिक बग्वाल मेले के शुभारंभ को लेकर देवीधुरा में उत्सव जैसा माहौल है। चार खाम और सात थोक के लोगों सहित श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों में मेले को लेकर विशेष उत्साह बना हुआ है।

फोटो_कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा।


Share This Post