

तीन साल से रोज सुबह 4:20 बजे पहुंचती हैं योग कक्षा, साधकों के साथ मैदान में लगाती हैं दौड़
लोहाघाट। कड़ाके की ठंड हो या बारिश, छुट्टी हो या त्योहार, लोहाघाट की योग अनुदेशिका सोनिया आर्या की दिनचर्या में कोई बदलाव नहीं आता। पिछले तीन वर्षों से वह नियमित रूप से योग कक्षा संचालित कर लोगों को योग और स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित कर रही हैं।
गुरुवार को भी सोनिया आर्या ने अपने साधकों के साथ जीआईसी मैदान में सुबह पांच बजे दौड़ लगाई। इससे पहले वह सुबह करीब 4:20 बजे योग कक्षा पहुंच गई थीं। नियमित योगाभ्यास के साथ वह साधकों को व्यायाम, संतुलित खान-पान और सकारात्मक सोच के प्रति भी जागरूक करती हैं।
सोनिया अपने साधकों की समस्याएं फोन पर सुनकर योग के माध्यम से समाधान का प्रयास करती हैं। प्रत्येक शनिवार को योग कक्षा में हास्य योग, भक्ति संगीत और नृत्य भी कराया जाता है। इससे साधकों में उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
सोनिया का कहना है कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर और मन को स्वस्थ रखने का माध्यम है। नियमित योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाकर तनाव और कई परेशानियों से बचा जा सकता है।
फोटो_योग कक्षा में नियमित रूप से योगाभ्यास करतीं महिलाएं।




