

महिलाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बांधा समां, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं सम्मानित।

चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस के अवसर पर बुधवार को विकासखंड चंपावत में “सेवा संकल्प अभियान” के तहत सेवा दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार और ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने के साथ उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी मनीष कुमार, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा और नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर स्थानीय लोक संस्कृति और परंपराओं की झलक प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में आजीविका संवर्धन, स्वरोजगार और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली 14 महिलाओं को सम्मानित किया गया। सम्मान पाने वालों में चंद्रकला देवी, कमला देवी, मुन्नी देवी, लक्ष्मी खर्कवाल, रेखा ठाकुर, लीला खर्कवाल, शांति देवी, किरन महर, कविता देवी, रेनू खर्कवाल, जानकी जोशी, सरस्वती बोहरा, प्रेमा रावत और पार्वती ओली शामिल रहीं।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि स्वयं सहायता समूह महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा दे रहे हैं। उन्होंने महिलाओं से उत्पादों की गुणवत्ता, बेहतर विपणन और आयवर्धक गतिविधियों पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं की उपलब्धियां अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा हैं। आत्मनिर्भरता की दिशा में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी से परिवार और समाज दोनों मजबूत हो रहे हैं।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, खंड विकास अधिकारी रमेश चन्द्र जोशी, सभासद, ग्राम प्रधान, स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
फोटो_केक काटकर सेवा संकल्प कार्यक्रम का शुभारंभ करते डीएम मनीष कुमार, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा व नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय।



