

पंचूर गांव में ली अंतिम सांस, संन्यास के बाद भी मां से अटूट रहा रिश्ता; सीएम धामी ने जताया शोक।
पौड़ी गढ़वाल। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार को 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। उनके निधन की पुष्टि योगी आदित्यनाथ के भाई महेंद्र ने की है। उनके निधन से गांव और क्षेत्र में शोक की लहर है।
सावित्री देवी लंबे समय से उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं। मई 2024 में तबीयत बिगड़ने पर उन्हें ऋषिकेश स्थित एम्स में भर्ती कराया गया था। उस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मां का हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे थे।
योगी आदित्यनाथ का मूल नाम अजय सिंह बिष्ट है। उनका जन्म 5 जून 1972 को पंचूर गांव में हुआ था। वर्ष 1994 में उन्होंने सांसारिक जीवन त्यागकर संन्यास ग्रहण कर लिया और गोरखनाथ मठ से जुड़ गए। इसके बाद वह गोरक्षपीठ के महंत बने और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद तक पहुंचे। संन्यास के बाद पारिवारिक मुलाकातें सीमित रहीं, लेकिन मां के प्रति उनका स्नेह हमेशा बना रहा।
मई 2022 में करीब पांच साल बाद पैतृक गांव पहुंचे योगी आदित्यनाथ ने मां के पैर छूकर आशीर्वाद लिया था। इस वर्ष 8 मई को भी वह पंचूर स्थित अपने आवास पहुंचे थे और मां से मुलाकात की थी। यह मुलाकात अब उनके जीवन की आखिरी मुलाकात बन गई।
इससे पहले अप्रैल 2020 में उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन हुआ था। कोरोना महामारी के दौरान मुख्यमंत्री की जिम्मेदारियों के चलते योगी आदित्यनाथ पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके थे।
सीएम धामी ने जताया शोक_
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सावित्री देवी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने बाबा केदार से दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान देने तथा योगी आदित्यनाथ सहित समस्त परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

फोटो_मां सावित्री देवी के साथ हंसी-खुशी बातचीत करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।



