

शिक्षक प्रकाश चंद्र उपाध्याय के मार्गदर्शन में लिखा सर्वश्रेष्ठ निबंध, सरकारी विद्यालय से एकमात्र चयन।
चंपावत। राउमावि खूनाबोरा की कक्षा 10 की छात्रा कृतिका बोहरा ने जिले का नाम रोशन करते हुए विधानसभा लोहाघाट से बाल विधायक के रूप में चयनित होकर खास उपलब्धि हासिल की है। प्रदेशभर में आयोजित निबंध प्रतियोगिता के माध्यम से पंचम बाल विधानसभा के लिए छात्र-छात्राओं का चयन किया गया।
कृतिका ने शैलेश मटियानी पुरस्कार प्राप्त मार्गदर्शक शिक्षक प्रकाश चंद्र उपाध्याय के निर्देशन में निबंध प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। विधानसभा लोहाघाट में कृतिका ने द्वितीय स्थान हासिल किया और सरकारी विद्यालय से चयनित एकमात्र छात्रा बनीं।
शिक्षक प्रकाश चंद्र उपाध्याय ने बताया कि प्रतियोगिता में कक्षा छह से 12 तक के सरकारी और निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। बच्चों को लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों की भूमिका से परिचित कराने के उद्देश्य से सरकार एवं बाल संरक्षण आयोग की पहल पर बाल विधायकों का चयन किया गया है। चयनित छात्र-छात्राएं दो वर्ष तक बाल विधायक के रूप में अपनी भूमिका निभाएंगे।
विधानसभा लोहाघाट में ऑकलैंड पब्लिक स्कूल के कक्षा 10 के छात्र प्रज्ञान पाण्डेय प्रथम, राउमावि खूनाबोरा की कृतिका बोहरा द्वितीय और मल्लिकार्जुन पब्लिक स्कूल लोहाघाट की कक्षा 11 की छात्रा काव्या तृतीय स्थान पर चयनित हुईं।
कृतिका की इस उपलब्धि पर प्रधानाचार्य खीमानंद पाण्डेय, पीटीए अध्यक्ष हुकम सिंह, एसएमसी अध्यक्ष भावना देवी, शिक्षक सुरेंद्र लाल, मनोज कुमार गड़कोटी, नवीन चंद्र जोशी, राजेश्वरी जुकरिया, मीरा पंत, कमला जोशी, प्रकाश चंद्र उपाध्याय समेत समस्त विद्यालय परिवार ने खुशी जताई और छात्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
फोटो_ बाल विधायक के रूप में चयनित कृतिका बोहरा।




